विवाह की माँग को लेकर हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ा युवक

हैदराबाद, बोराबंडा थाना परिधि के अंतर्गत मोतीनगर में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक 5 लीटर पेट्रोल से भरा कैन लेकर हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया। टॉवर पर चढ़ने के बाद युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका से विवाह करवाने अन्यथा स्वयं को जलाकर टॉवर से कूदकर आत्महत्या करने की धमकी दी।
स्थानीय लोगों ने एक युवक को पेट्रोल कैन और लाइटर के साथ टॉवर पर चढ़कर चिल्लाते हुए देखा और तुरन्त डायल 100 के जरिए पुलिस को जानकारी दी। जानकारी मिलते ही पुलिस दमकल कर्मियों के साथ तुरन्त घटनास्थल पर पहुँच गई। बोराबंडा पुलिस इंस्पेक्टर सुरेन्द्र के अनुसार, युवक की पहचान नेलसन उर्फ राजू के रूप में की गई, जो अल्लापुर का रहने वाला है। मूलत प्रकाशम ज़िला निवासी नेलसन पिछले 7 महीने से उसी इलाके में रहने वाली एक युवती के प्रेम प्रसंग में पड़ गया था। युवती के माता-पिता ने पिछले माह अल्लापुर पुलिस थाने में नेलसन के खिलाफ शिकायत की थी।
पुलिस ने नेलसन को बुलाकर परामर्श भी किया था, लेकिन कुछ दिन से वह साइको जैसा व्यवहार करते हुए युवती के परिवार पर विवाह के लिए दबाव डाल रहा था। इस कारण अल्लापुर पुलिस ने उसके खिलाफ मामला भी दर्ज किया। बुधवार सुबह 9.30 बजे नेलसन अचानक मोती नगर के हाईटेंशन टॉवर पर पेट्रोल लेकर चढ़ गया और वहाँ से आत्महत्या करने की धमकी देने लगा।
परिजनों और प्रेमिका के माता-पिता से की गई बातचीत
मौके पर पहुँची पुलिस ने लाउड स्पीकर के जरिए नेलसन को समझाने का प्रयास किया और पुलिस ने उसके माता-पिता से भी बातचीत की। इसके अलावा पुलिस इंस्पेक्टर सुरेन्दर ने नेलसन की प्रेमिका के माता-पिता से भी फोन पर बातचीत की और उसे समझाने का प्रयास किया। पुलिस के समझाने पर नेलसन पुलिस को ही जान से मारने की धमकी देने लगा। लगभग 35 मिनट के इस अभियान में पुलिस ने अलग-अलग टीम बनाकर दमकलकर्मियों के साथ नेलसन को टॉवर से नीचे उतारने में सफलता पाई।
यह भी पढ़ें… तेलंगाना में ईंधन और एलपीजी की आपूर्ति स्थिर : ओएमसी
इस दौरान बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। सनतनगर के एसएफओ सी. पूर्ण कुमार ने बताया कि नेलसन को सकुशल टॉवर से उतारने में काफी परेशानी हुई, क्योंकि उसके व्यवहार से ऐसा लग रहा था कि वह अपना दिमागी संतुलन खो बैठा है। नेलसन को नीचे उतारने के बाद उसके खिलाफ मामले दर्ज कर उसे अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





