अंतरिक्ष क्षेत्र से जुड़े स्टार्टअप्स के लिए अमेज़न का स्पेस एक्सेलेरेटर कार्यक्रम
स्टार्टअप्स को मिलेगा क्लाउड आधारित समर्थन
भारत, ऑस्ट्रेलिया, न्यूज़ीलैंड और जापान से आवेदन की प्रक्रिया शुरू
हैदराबाद, अमेज़न वेब सर्विसेज (एडब्ल्यूएस) ने एशिया पैसिफिक और जापान (एपीजे) क्षेत्र में अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने के लिए एडब्ल्यूएस स्पेस एक्सेलेरेटर: एपीजे 2025 कार्यक्रम की घोषणा की है। यह दस सप्ताह का एक्सेलेरेटर कार्यक्रम भारत, ऑस्ट्रेलिया, न्यूज़ीलैंड और जापान में स्थित अंतरिक्ष क्षेत्र से जुड़े सभी स्तरों के स्टार्टअप्स के लिए खुला है। इसके माध्यम से चुने गए चालीस स्टार्टअप्स को व्यवसायिक संसाधन, तकनीकी मार्गदर्शन और प्रशिक्षण प्रदान किया जाएग, ताकि वे एडब्ल्यूएस क्लाउड टेक्नोलॉजी का उपयोग करते हुए अपने मिशनों को विकसित कर सकें।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम के लिए आवेदन 8 जुलाई से 5 सितंबर तक होंगे। चयनित स्टार्टअप्स को 1,00,000 डॉलर तक के एडब्ल्यूएस क्रेडिट्स, तकनीकी मार्गदर्शन, उद्योग विशेषज्ञों से मेंटरशिप, निवेशकों से संपर्क और अंतरिक्ष उद्योग के प्रमुख संगठनों से जुड़ाव का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम का आयोजन आभासी और व्यक्तिगत दोनों रूपों में किया जाएगा, जिसकी समाप्ति दिसंबर में कौशल प्रदर्शन कार्यक्रम के साथ होगी, जहां प्रतिभागी अपने नवाचारों का प्रदर्शन करेंगे।
एडब्ल्यूएस इस कार्यक्रम को T-Hub, Minfy Technologies, Fusic, Ansys, और प्रमुख अंतरिक्ष संगठनों जैसे इन-स्पेस, ऑस्ट्रेलियन स्पेस एजेंसी, आईलॉन्च, और स्काई परफेक्ट जेसैट कॉरपोरेशन के सहयोग से संचालित करेगा। कार्यक्रम के तहत तीन प्रमुख क्षेत्रों अर्थ ऑब्ज़र्वेशन और रिमोट सेंसिंग,अंतरिक्ष अवसंरचना का निर्माण, प्रक्षेपण और संचालन के साथ ड्रोन तकनीक पर विशेष ध्यान दिया जाएगा
यह कार्यक्रम एडब्ल्यूएस स्पेस एक्सेलेरेटर: इंडिया 2024 की सफलता पर आधारित है, जिसमें 24 स्टार्टअप्स ने भाग लिया था और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति दिखाई थी। एडब्ल्यूएस के एयरोस्पेस और सैटेलाइट डिवीजन के निदेशक क्लिंट क्रॉज़ियर का कहना है कि ऑस्ट्रेलियन स्पेस एजेंसी, इन-स्पेस, आईलॉन्च और स्काई परफेक्ट जेसैट के साथ एडब्ल्यूएस का सहयोग स्थानीय अंतरिक्ष एजेंसियों और उद्यमियों के साथ मिलकर इस क्षेत्र की आर्थिक और तकनीकी वृद्धि में योगदान के लिए प्रतिबद्ध हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



