अमेरिका-ईरान वार्ता की उम्मीद से बाजार में उछाल, सेंसेक्स 1264 अंक चढ़ा

मुंबई, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और अमेरिका-ईरान के बीच कूटनीतिक वार्ता की उम्मीदों के बीच घरेलू शेयर बाजार बुधवार को बड़ी बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 1,264 अंक चढ़ गया, जबकि निफ्टी में 389 अंक की तेजी रही। बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 1,263.67 अंक यानी 1.64 प्रतिशत चढ़कर 78,111.24 अंक पर बंद हुआ।

कारोबार के दौरान यह एक समय यह 1,422.85 अंक चढ़कर 78,270.42 अंक तक पहुंच गया था। वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 388.65 अंक यानी 1.63 प्रतिशत बढ़कर 24,231.30 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की कंपनियों में इंटरग्लोब एविएशन (यानी इंडिगो), पावर ग्रिड कॉरपोरेशन, टेक महिंद्रा, टीसीएस और लार्सन एंड टुब्रो प्रमुख रूप से बढ़त में रहीं।दूसरी तरफ, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक और एक्सिस बैंक के शेयरों में गिरावट रही।

पश्चिम एशिया तनाव घटने से ब्रेंट क्रूड में गिरावट

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड पश्चिम एशिया तनाव कम होने के संकेतों के बीच गिरकर 95.74 डॉलर प्रति बैरल के करीब आ गया। तेल कीमतों में गिरावट से भारत जैसे आयात पर निर्भर देश को राहत मिलने की उम्मीद बढ़ी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ युद्ध ‘समाप्ति के करीब’ है और दोनों देशों के बीच वार्ता फिर शुरू होने की संभावना है।

मीडिया की खबरों के अनुसार, अगले कुछ दिनों में बातचीत का दूसरा दौर हो सकता है। विश्लेषकों के मुताबिक, पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के संकेत और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट ने निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता बढ़ाई, जिससे बाजार में खरीदारी लौटी।

यह भी पढ़े : रुपया शुरुआती कारोबार में 49 पैसे टूटकर 93.32 प्रति डॉलर पर बंद हुआ

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुए। दोपहर के कारोबार में यूरोपीय बाजारों में मिला-जुला रुख था। अमेरिकी बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। एक दिन पहले मंगलवार को आंबेडकर जयंती के कारण बाजार बंद रहे थे। उससे पहले सोमवार को सेंसेक्स 702.68 अंक गिरकर 76,847.57 अंक पर और निफ्टी 207.95 अंक लुढ़ककर 23,842.65 अंक पर बंद हुआ था। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button