अनुदीप दुरीशेट्टी ने किया गोलकोंडा एरिया हॉस्पिटल का दौरा
हैदराबाद, हैदराबाद जिला कलेक्टर अनुदीप दुरीशेट्टी ने आज स्थानीय विधायक कौसर मोहिउद्दीन के साथ गोलकोंडा क्षेत्रीय अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर चिकित्सा अधिकारियों को अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर सेवा प्रदान करने का निर्देश दिया।
जिला कलेक्टर ने कहा कि तेलंगाना सरकार सरकारी अस्पतालों के माध्यम से लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले सभी मरीजों को बेहतरीन चिकित्सा सेवा प्रदान की जानी चाहिए।
चिकित्सा अधिकारियों को अस्पताल में साफ-सफाई सहित सभी प्रकार की आवश्यक सुविधाओं की सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए अनुदीप दुरीशेट्टी ने अस्पताल में दवाओं की कमी नहीं होनी चाहिए। चिकित्सकों को समय-सारणी का पालन करने का आदेश देते हुए उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं की सीजेरियन डिलीवरी की संख्या कम कर सामान्य प्रसव को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों को उच्च जोखिम वाले मामलों को दूसरे अस्पताल में स्थानांतरित करना चाहिए।
यह भी पढ़ें… स्वास्थ्य मंत्री ने किया एर्रागड्डा मानसिक स्वास्थ्य संस्थान का दौरा
विधायक कौसर मोहिउद्दीन ने कहा गोलकोंडा अस्पताल में प्रतिदिन 1200 से 1500 रोगी आते हैं। अस्पताल में नए भवन के निर्माण के लिए 6 करोड़ और मशीनरी खरीदने के लिए 1.80 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। उन्होंने कहा कि रोगियों की संख्या को देखते हए अस्पताल में अतिरिक्त चिकित्सक और नर्स की आवश्यकता है।
अवसर पर डीसीएचएस डॉ. सूर्या कुमारी, अस्पताल पर्यवेक्षक डॉ. श्रीनिवास राव, विभिन्न विभागों के चिकित्सा अधिकारी व अन्य उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



