फोन टैपिंग मामले में केसीआर, केटीआर व हरीश राव को फँसाने का प्रयास : प्रवीण कुमार
हैदराबाद, भारास महासचिव आर.एस. प्रवीण कुमार ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी पर टेलीफोन टैपिंग मामले में पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव, पूर्व मंत्री के. तारक रामाराव व पूर्व मंत्री टी. हरीश राव को फँसाने के प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इसके लिए दूसरी स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (सिट) का गठन किया गया है।
भारास मुख्यालय तेलंगाना भवन में मीडिया को संबोधित करते हुए आर.एस. प्रवीण कुमार ने आरोप लगाते हुए कहा कि फोन टैपिंग मामले में राजनीतिक नेताओं को फँसाने के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए फोन टैपिंग की जाती है, यह हर सरकार करती ही है, इसे रहस्य रखा जाता है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि केसीआर व टी. हरीश राव के घर के समक्ष लगे सीसी टीवी कैमरे हैक किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बेंगलुरु से प्राइवेट हैकर्स लाकर फोन टैपिंग की जा रही है और इसकी जांच के लिए सिट गठन की मांग की।
यह भी पढ़ें… सेवानिवृत्ति पर फ्यूचर सिटी आयुक्त ने साझा किये अनुभव
प्रवीण कुमार ने कहा कि फोन टैपिंग मामले में 350 गवाहों से पूछताछ करने के बावजूद अब तक चार्जशीट तक दाखिल नहीं की गई। फोन टैपिंग की चार्जशीट में केसीआर, केटीआर व टी. हरीश राव के नाम दर्ज करने के लिए मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी अधिकारियों पर दबाव बना रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजागुट्टा पुलिस थाने में पुलिस अधिकारी की शिकायत पर केस दर्ज किया गया। वहीं गृह मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाल रहे मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि एक गैरजिम्मेदार गृह मंत्री के शासन में पुलिस विभाग बलि चढ़ रहा है। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के आदेशों पर पुलिस गलत कर रही है। वहीं आईपीएस अधिकारियों को मुख्यमंत्री के आदेशों को नहीं मानने की सलाह दी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



