अजहरुद्दीन और कोदंड राम की एमएलसी उम्मीदवारी को मंजूरी
हैदराबाद, राज्यपाल कोटा के तहत एमएलसी नियुक्ति के संबंध में राज्य मंत्रिमंडल द्वारा प्रस्तावित अजहरुद्दीन और कोदंड राम की उम्मीदवारी को मंजूरी मिल गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने इन दोनों की उम्मीदवारी को स्वीकार करते हुए हस्ताक्षर कर दिए हैं। हालांकि, अभी इससे संबंधित गजट नोटिफिकेशन जारी होना बाकी है।
ज्ञातव्य है कि यदि 30 अप्रैल तक एमएलसी नहीं बनते हैं, तो मंत्री अजहरुद्दीन को अपने पद से इस्तीफा देना होगा। इस पृष्ठभूमि में मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी हाल ही में लोक भवन जाकर राज्यपाल से मुलाकात की और लंबित एमएलसी उम्मीदवारों को मंजूरी देने का अनुरोध किया था। इस परिप्रेक्ष्य में राज्यपाल ने लंबित पड़े दोनों एमएलसी उम्मीदवारों की उम्मीदवारी को मंजूरी दे दी।
महेश कुमार गौड़ ने जताया हर्ष
राज्यपाल के निर्णय पर पीसीसी अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ ने हर्ष जताया। उन्होंने आज जारी एक वक्तव्य में पूर्व क्रिकेटर अजहरुद्दीन और तेलंगाना सिद्धांतकार कोदंड राम के नामों को एमएलसी के रूप में मंजूरी देना एक शुभ परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि समाज की सेवा करने वाले व्यक्तियों को विधान परिषद में स्थान देना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती को दर्शाता है।
लोकतंत्र में विभिन्न क्षेत्रों का अनुभव रखने वाले लोगों का विधानसभा और विधान परिषद में होना शासन को और अधिक प्रभावी बनाता है। उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा कि अजहरुद्दीन और कोदंड राम को एमएलसी पद मिलने से विधान परिषद की चर्चाएं और अधिक जनहितकारी बनेंगी और राज्य के विकास में उनके अनुभव का उपयोग होगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





