बेंगलुरु : 20 करोड़ के एमडीएमए और हाइड्रो गांजा जब्त, 6 गिरफ्तार

बेंगलुरु, कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में प्रतिबंधित मादक पदार्थों कम कीमत पर खरीदकर कॉलेज छात्रों समेत अन्य लोगों को बेचने के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि उनके पास से आठ किलो 58 ग्राम एमडीएमए, पांच किलो 700 ग्राम हाइड्रो गांजा, चार मोबाइल फोन और अपराध में इस्तेमाल की गई एक कार जब्त की गई है। पुलिस ने बताया कि जब्त की गई वस्तुओं का कुल मूल्य 10.05 करोड़ रुपये है, जबकि अनुमानित बाजार मूल्य 20.10 करोड़ रुपये है। उन्होंने बताया कि हाल ही में पता चला था कि यशवंतपुर थाना क्षेत्र एवं नंदिनी लेआउट थाना क्षेत्र के भीतर एमडीएमए और हाइड्रो गांजा जैसे प्रतिबंधित मादक पदार्थ बेचे जा रहे हैं, जिसके आधार पर विशिष्ट स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया था।

यह भी पढे़: नवी मुंबई : 1.25 करोड़ की अवैध शराब जब्त, 2 गिरफ्तार

शहर के पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह के कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया, ‘इन अभियानों के दौरान अलग-अलग दिन छह व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया जिनमें दो अन्य राज्यों से और चार स्थानीय निवासी हैं।’ इसमें कहा गया, ‘पूछताछ करने पर आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अज्ञात अंतरराज्यीय और स्थानीय आपूर्तिकर्ताओं से एमडीएमए और हाइड्रो गांजा जैसे प्रतिबंधित मादक पदार्थों को कम कीमतों पर खरीदकर लाभ कमाने के लिए उन्हें कॉलेज छात्रों समेत अन्य लोगों को बेच रहे थे।’ पुलिस ने बताया कि जांच जारी है। उसने बताया कि सभी छह आरोपियों को अलग-अलग दिन अदालत में पेश किया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button