डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को भाजपा कर रही साकार: किशन रेड्डी

हैदराबाद, केंद्रीय कोयला मंत्री एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किशन रेड्डी ने कहा कि एक देश-एक कानून की वकालत करने वाले जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान से प्रेरणा लेकर ही भाजपा मजबूत राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रही है।

नामपल्ली स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए किशन रेड्डी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना की और कश्मीर में अनुच्छेद 370 के खिलाफ पहला आंदोलन शुरू किया। स्वतंत्रता के बाद अनुच्छेद 370 के जरिए देश को बांटने की गलती तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने की थी। उन्होंने कहा कि कश्मीर में भारत का तिरंगा न होकर अलग झंडा और अलग प्रधानमंत्री हुआ करते थे, जो डॉ. मुखर्जी को कभी स्वीकार नहीं था।

किशन रेड्डी ने बताया कि डॉ. मुखर्जी ने मंत्री पद से इस्तीफा देकर अनुच्छेद 370 को हटाने और कश्मीर को पूरी तरह भारत में शामिल करने के लिए संघर्ष शुरू किया। उन्होंने कश्मीर में बिना परमिट के प्रवेश कर उस व्यवस्था का विरोध किया, जिसके कारण उन्हें गिरफ्तार किया गया और संदेहास्पद परिस्थितियों में उनकी मृत्यु हो गई। आज भी यह एक रहस्य और हत्या का आरोप बना हुआ है। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का सपना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2019 में अनुच्छेद 370 हटाकर पूरा किया। इससे जम्मू-कश्मीर में महिलाओं और दलितों को समान अधिकार मिले, जो पहले नहीं मिलते थे।

किशन रेड्डी ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि अनुच्छेद 370 लागू रहने के दौरान 42,000 सैनिक और नागरिक अपनी जान गंवा चुके थे, लेकिन कांग्रेस ने कभी उनकी परवाह नहीं की। उन्होंने कहा कि उस दौर में जम्मू-कश्मीर की दीवारों पर “ओ देश के कुत्तों, इस देश से चले जाओ” जैसे नारे लिखे जाते थे।

किशन रेड्डी ने याद दिलाया कि उस समय भाजपा अध्यक्ष मुरली मनोहर जोशी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक एकता यात्रा निकालते हुए लाल चौक पर तिरंगा फहराया था, जिसमें नरेंद्र मोदी संयोजक की भूमिका में थे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के केंद्र में सत्तासीन होने के बाद से ही परिस्थितियां पूरी तरह बदल गई हैं। अनुच्छेद 370 हटने के बाद लाल चौक पर तिरंगा फहराना संभव हुआ है।

किशन रेड्डी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने वोटबैंक की राजनीति के चलते देश को जाति, धर्म, भाषा के नाम पर बांटने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हिन्दुओं की उपेक्षा कर अन्य धर्मों को तुष्ट करने की नीति अपनाई। जबकि भाजपा पार्टी के लिए देश की अखंडता महत्वपूर्ण है। देश की सुरक्षा को देखते हुई ही मोदी सरकार लगातार आतंकवाद पर कड़ा प्रहार कर रही है और देश को सुरक्षित रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि आपातकाल के समय कांग्रेस ने लोकतंत्र को रौंदते हुए संविधान का दुरुपयोग किया था, जबकि जनसंघ ने उस समय लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपनी पार्टी को जनता पार्टी में विलीन कर दिया था।

इसके अलावा किशन रेड्डी ने कहा कि भाजपा के 14 करोड़ सदस्य आज डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान को याद करते हुए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उनके दिखाए मार्ग पर आगे बढ़ रहे हैं।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button