वक्फ संशोधन बिल पर जनसमर्थन जुटाएगी भाजपा
हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने वक्फ बोर्ड संशोधन बिल को लेकर जनता में फैलाई जा रही भ्रांतियों को दूर करके जनसमर्थन जुटाने तथा वन नेशन-वन इलेक्शन को लेकर शंकाएं दूर करने के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाने समेत राज्य में होने वाले स्थानीय निकाय चुनाव में सभी स्थानों पर प्रत्याशी खड़ा करके व्यापक रणनीति के साथ अधिक से अधिक सीटों पर जीतने का निर्णय लिया है।
केंद्रीय कोयला, खान मंत्री व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष जी. किशन रेड्डी की अध्यक्षता में आज भाजपा के नवनियुक्त जिला अध्यक्षों व पदाधिकारियों के साथ भाजपा मुख्यालय श्यामाप्रसाद मुखर्जी भवन में बैठक की गई जिसमें केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय, राज्यसभा सदस्य डॉ. के. लक्ष्मण, सांसद ईटेला राजेंदर, प्रदेश भाजपा प्रभारी अभय पाटिल, प्रदेश भाजपा संगठन मंत्री चंद्रशेखर तिवारी, सांसद कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष चिंतला रामचंद्रा रेड्डी आदि ने भाग लिया।
बैठक में पार्टी के संस्थागत विषयों पर भी चर्चा की गई और राज्यभर में भाजपा के 40.78 लाख सदस्य बनाए गए हैं, इसे भाजपा के लिए शुभ संकेत माना गया। वहीं भाजपा के 45 हजार सक्रीय सदस्य तथा 22 हजार बूथ कमेटियों का गठन कर लिए जाने के बाद अब शेष कमेटियों का आगामी 15 अप्रैल तक गठन करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा 6 अप्रैल को भाजपा का स्थापना दिवस भव्य रूप से मनाने के साथ ही 12 अप्रैल तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करने का भी निर्णय लिया गया।
यह भी पढ़ें… क्या भाजपा का नया फ्रीबीज फार्मूला हिट होगा?
भा.ज.पा. के स्थापना दिवस और आगामी कार्यक्रमों की योजना
भाजपा प्रदेश महासचिव कासम वेंकटेश्वरूलू ने बताया कि 6 अप्रैल को भाजपा के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में राज्यभर में बूथ स्तर पर पार्टी के झंडे फहराए जाएंगे। 8 व 9 अप्रैल को मंडल स्तर पर पार्टी के कार्यकारिणी सदस्यों के सम्मेलनों का आयोजन, वहीं 10,11 व 12 अप्रैल को गांव चलो- बस्ती चलो कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसके तहत स्वच्छता अभियान, गांवों व बस्ति वासियों में केंद्र की योजनाओं के लाभार्थियों के साथ बूथ स्तर पर बैठकें की जाएंगीं।
उन्होंने बताया कि 14 अप्रैल को संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. बी.आर. अंबेडकर की जयंती भव्य रूप से मनाई जाएगी जिसके अंतर्गत अबेंडकर की प्रतिमाओं के पास सफाई कार्यक्रम व प्रतिमाओं पर श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 15 व 16 अप्रैल को सभी जिलों में चर्चा बैठकों का आयोजन किया जाएगा जिसमें भारत रत्न अंबेडकर का कांग्रेस ने किस प्रकार कदम- कदम पर अपमान किया है तथा भाजपा ने अंबेडकर को कितना सम्मान दिया है इससे जनता को अवगत कराया जाएगा।
कासम ने बताया कि वर्षभर तक मनाए जा रहे अटल शताब्दि उत्सव के अंतर्गत राज्यभर में कवि सम्मेलनों का आयोजन, वैज्ञानिकों व करगिल युद्ध के सेवानिवृत्त सैनिकों के साथ कार्यक्रम किए जाने को लेकर भी बैठक में चर्चा की गई है। इसके अलावा किसान समस्याओं पर चर्चा की गई जिसमें राज्यभर में सरकार की गलत नीतियों के कारण किसानों की 10 लाख एकड़ फसलें सूखने आदि पर गहन विचार किया गया और किसानों के पक्ष में आंदोलन करने का निर्णय भी लिया गया है।
राजा सिंह पर नजर
भाजपा विधायकों व नेताओं के बीच मतभेदों व गोशामहल के विधायक टी. राजा सिंह की बयानबाजियों को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में कासम ने कहा कि विधायक के बारे में केंद्रीय पार्टी विचार कर रही है। उन्होंने विधान परिषद के लिए हैदराबाद लोकल अथॉरिटी कांस्टेंसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को उतारने को लेकर भी चर्चा किए जाने की जानकारी देते हुए चुनाव में प्रत्याशी खडा करने के परोक्ष रूप से संकेत दिए और कहा कि जल्द ही अच्छी खबर दी जाएगी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



