बीआरएस डूबती नैय्या : रामचंदर राव
हैदराबाद, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने मुख्य विपक्षी भारत राष्ट्र समिति (भारास) को डूबती नैय्या बताया। उन्होंने कहा कि यदि इसमें कोई बैठेगा, तो वह डूब जाएगा। म्युनिसिपल चुनाव की घोषणा के बाद निजामाबाद के जग्तियाल में आयोजित भाजपा की पहली विजय शंखनाद सभा में उद्योगपति कोंडा लक्ष्मण, कोंडा अरुणा लक्ष्मण भारी समर्थकों के साथ एन. रामचंदर राव व निजामाबाद के सांसद धर्मपुरी अरविंद के समक्ष भाजपा में शामिल हुए। इनका स्वागत करते हुए रामचंदर राव ने कहा कि राज्य में भाजपा की हवा चलने लगी है।
म्युनिसिपल चुनाव में भारी जीत के साथ ही अगले विधानसभा चुनाव में भगवा लहराएगा। उन्होंने कहा कि गत लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने 8 सीटों पर जीत दर्ज की, परंतु बीआरएस सभी सीटों पर हार गई। उन्होंने कहा कि गत एमएलसी चुनावी मैदान में उतारने के लिए बीआरएस के पास प्रत्याशी तक नहीं था, जबकि बीजेपी ने एमएलसी चुनाव में जीत दर्ज की। उन्होंने कहा कि फोन टैपिंग मामले की स्पेशल इनवेस्टिगेशन टीम (सिट) द्वारा की जा रही पूछताछ कछुआ चाल चल रही है, क्योंकि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी सरकार को दोषियों को सजा देने की नीयत ही नहीं है।
आरोपी पुलिस थाने से बाहर आते समय युद्ध जीतने जैसा अभिवादन कर रहे
उन्होंने कहा कि चुनाव के पहले रेवंत रेड्डी ने सत्ता में आते ही केवल 100 दिनों में फोन टैपिंग के दोषियों को जेल भेजने का वादा किया था, लेकिन किसी एक राजनेता को हिरासत में नहीं लिया गया। उन्होंने कहा कि सिट पूछताछ के बाद पुलिस थाने से बाहर आने के बाद फोन टैपिंग के आरोपी इस प्रकार अभिवादन करते दिखाई दे रहे हैं, जैसे वह युद्ध जीतकर आ रहे हों। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की बीआरएस के साथ संधी हो चुकी है।
नोट के बदले वोट मामले से बीआरएस ने बचाया, अब फोन टैपिंग मामले से कांग्रेस बचाएगी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार व घोटालों में लिप्त पूर्व केसीआर सरकार ने तेलंगाना की जनता को जी भरकर लूटा था। अब उसी राह पर कांग्रेस चलते हुए भ्रष्टाचार व कोयला घोटाले में धंस रही है। उन्होंने कहा कि केसीआर की पुत्री कविता खुद सार्वजनिक तौर पर बीआरएस के भ्रष्टाचार की पोल खोल रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार ने 12 सालों में तेलंगाना पर 12 लाख करोड़ रुपये खर्च किए।
यह भी पढ़ें… सोने की बढ़ती कीमत को लेकर अफवाह फैलाने वालों को पुलिस आयुक्त ने चेताया
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, अमृत योजना और स्मार्ट सिटी लागू
राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच), गाँवों में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से सड़कों का निर्माण, अमृत योजना, स्मार्ट सिटी, फ्री चावल योजना, म्युनिसिपालिटियों व ग्राम पंचायतों में स्ट्रीट लाइटों से लेकर स्वच्छ भारत सफाई आदि मोदी सरकार की निधियों से की जा रही हैं। उन्होंने म्युनिसिपल चुनाव में भाजपा को जिताने का आह्वान करते हुए कहा कि जग्तियाल व रायकल के सभी वार्डों में भाजपा को जिताएँ, फिर परिवर्तन देखें।
सांसद धर्मपुरी अरविंद ने कहा कि परिस्थितियाँ बदल रही हैं। सभी संगठित हों, पाकिस्तान व बांग्लादेश न बनने दें। अपने बच्चों का भविष्य अंधकार में न धकेलें। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के विरोध में तथा सिद्धांतों को वोट दें, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नामक इंस्टीट्यूशन को वोट दें। उन्होंने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को केसीआर शासन के दौरान रात के 2 बजे गिरफ्तार किए जाने की याद दिलाते हुए कहा कि फिर भी फोन टैपिंग केस में किसी को गिरफ्तार करने का दम सरकार में नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि पैसे के लिए मुख्यमंत्री व्यक्तित्व को बेच रहे हैं।
अब तक किसी राजनेता को गिरफ्तार नहीं किया गया। उन्होंने 4 फरवरी को मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के जग्तियाल दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले जनता पूछे जग्तियाल के विधायक हैं किस पार्टी में। यदि सही जवाब दिया गया, तो पद से त्याग-पत्र दे देंगे। अवसर पर निजामाबाद जिला अध्यक्ष यादगिरी बाबू, मरपल्ली सत्यनारायण, पूर्व सांसद वेंकटेश, डॉ. भोगा श्रावणी, गड्डम श्रीनिवास व अन्य उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



