मेट्रो दूसरे चरण को मंजूरी दें केंद्र : रेवंत
हैदराबाद, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हैदराबाद मेट्रो दूसरे चरण निर्माण के लिए केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी देने की अपील की। उन्होंने आज शाम नई दिल्ली में प्रधानमंत्री से मुलाकात की। अवसर पर उन्होंने हैदराबाद मेट्रो रेल चरण-2 सहित राज्य से संबंधित विभिन्न मुद्दों को प्रधानमंत्री के ध्यान में लाया।
रेवंत ने प्रधानमंत्री को हैदराबाद मेट्रो रेल परियोजना की जानकारी देते हुए बताया कि मेट्रो चरण-1 में तीन कॉरिडोर हैं जिनकी कुल लंबाई 69 किमी है। इसका निर्माण 22 हजार करोड़ रुपये की लागत से किया गया। इस बीच, शहर के अन्य क्षेत्रों में भी मेट्रो का विस्तार करने की तत्काल आवश्यकता है।
पिछली सरकार ने अपने 10 वर्षों के शासनकाल में मेट्रो का कोई विस्तार नहीं किया। वर्तमान में हमारी सरकार ने चरण-2 विस्तार के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत किया है, जिसमें कुल 76.4 किमी की लंबाई वाले 5 कॉरिडोर शामिल हैं। यह केंद्र और राज्य द्वारा संयुक्त रूप से शुरू की जाने वाली परियोजना है। इसकी कुल लागत 24,269 करोड़ है।
केंद्र सरकार का हिस्सा 18 प्रतिशत (4,230 करोड़), राज्य का हिस्सा 30 प्रतिशत (7,313 करोड़) तथा ऋण 48 प्रतिशत (11,693 करोड़) है। उन्होंने याद दिलाया कि केंद्र सरकार ने अक्तूबर 2024 में चेन्नई मेट्रो चरण- 2 (63,246 करोड़), अप्रैल 2021 में बेंगलुरु मेट्रो चरण 2 (14,788 करोड़) और अगस्त 2024 में बेंगलुरु मेट्रो चरण 3 (15,611 करोड़) को मंजूरी दी थी। उन्होंने आगे कहा कि तेलंगाना सरकार ने 4 नवंबर, 2024 को केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय को हैदराबाद मेट्रो चरण- 2 के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि केंद्र ने इन मुद्दों पर कुछ स्पष्टीकरण मांगे थे और उन्हें जवाब दिए गए। इस संदर्भमें उन्होंने प्रधानमंत्री से हैदराबाद मेट्रो चरण-2 को तत्काल मंजूरी देने का आग्रह किया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





