प्रेमी और भाई की साथ मिलकर पति की हत्या
हैदराबाद, राज्य के मुलुगु जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाले सनसनीखेज मामले में पत्नी, उसके प्रेमी और साले ने मिलकर व्यक्ति की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को जलाकर उसकी राख गोदावरी नदी में बहा दी।
पुलिस ने बताया कि हनमकोंडा में रहने वाला के.सुमन पेशे से फूड डिलीवरी का काम करता था। उसकी शादी करीब 15 साल पहले लावण्या से हुई थी और उनकी दो बेटियां हैं। लावण्या एक सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत है। बताया गया है कि लावण्या का एक दैनिक मजदूर नरेश के साथ अवैध संबंध है। दोनों ने मिलकर सुमन को रास्ते से हटाने की साजिश रची और इस योजना में लावण्या के भाई राजू को भी शामिल कर लिया।
योजना के तहत गत 3 अप्रैल को नरेश और राजू सुमन को मुलुगु जिले के चलवाई गांव के जंगल क्षेत्र में ले गए। वहां उसे पहले शराब पिलाई गयी। इसके बाद बीयर की बोतलों से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए शव की राख को एटूरनागारम के पास गोदावरी नदी में बहा दिया। इधर सुमन के लापता होने पर उसके पिता सांबय्या ने 8 अप्रैल को परकाला थाने में शिकायत दर्ज करवाई।
यह भी पढ़ें… बड़े भाई ने कर दी शराबी युवक की हत्या
पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि लावण्या ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया है। तीनों को आगे की कार्रवाई के तहत कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





