अभिभावकों के मोबाइल पर पहुँचे बच्चों के रिपोर्ट कार्ड
हैदराबाद, डिजिटल गवर्नेस की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए तेलंगाना सरकार ने सरकारी स्कूलों के छात्रों के लिए पेपरलेस रिपोर्ट कार्ड पहल की शुरुआत की। इस नवाचार के तहत राज्य भर के सरकारी स्कूलों में कक्षा 5 से 9 तक के 18 लाख से अधिक छात्रों की शैक्षणिक प्रदर्शन रिपोर्ट सीधे उनके माता-पिता के व्हाट्सऐप नंबरों पर भेजी गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पहल स्कूल प्रशासन और अभिभावकों के बीच की दूरी को कम करने और संचार को अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
हम परिवारों के समय और संसाधनों की बचत कर रहे
सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार विभाग के अंतर्गत मी-सेवा प्लेटफॉर्म के माध्यम से संचालित यह प्रणाली सुनिश्चित करती है कि छात्रों का महत्वपूर्ण शैक्षणिक डेटा सुरक्षित और त्वरित तरीके से अभिभावकों तक पहुँचे। इन डिजिटल रिपोर्ट कार्ड्स में विषय-वार अंक और छात्रों की उपस्थिति का विस्तृत विवरण शामिल है। इस पेपरलेस मॉडल को अपनाकर सरकार ने अभिभावकों की उन दिक्कतों को खत्म कर दिया, जिसके लिए उन्हें प्रगति रिपोर्ट लेने के लिए व्यक्तिगत रूप से स्कूल जाना पड़ता था।
यह भी पढ़े– प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक शानदार व्यक्ति और मेरे अच्छे मित्र हैं: ट्रंप
राज्य के आईटी और उद्योग मंत्री डी. श्रीधर बाबू ने इस पहल को डिजिटल गवर्नेस में तेलंगाना के नेतृत्व का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि तकनीक का लाभ हर छात्र और अभिभावक को सीधे मिले। व्हाट्सऐप के माध्यम से रिपोर्ट कार्ड वितरित कर हम परिवारों के समय और संसाधनों की बचत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल सार्वजनिक सेवाओं को पारदर्शी, त्वरित और सुलभ बनाने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





