राष्ट्रमंडल खेल का प्रतिनिधिमंडल अहमदाबाद के दौरे पर

अहमदाबाद, राष्ट्रमंडल खेलों की सर्वोच्च वैश्विक संस्था कॉमनवेल्थ स्पोर्ट के एक प्रतिनिधिमंडल ने अहमदाबाद में 2030 में होने वाले इन खेलों की तैयारियों की समीक्षा के लिए बुधवार को गुजरात का अपना चार दिवसीय दौरा शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि कॉमनवेल्थ स्पोर्ट के अध्यक्ष डोनाल्ड रुकारे के नेतृत्व में पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल आठ से 11 अप्रैल तक राज्य में रहेगा।

इस प्रतिनिधिमंडल में भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के अधिकारी भी शामिल हैं। कॉमनवेल्थ स्पोर्ट की आम सभा की पिछले साल नवंबर में हुई बैठक में अहमदाबाद को 2030 में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी का अधिकार दिया गया था। भारत ने इससे पहले 2010 में नयी दिल्ली में इन खेलों की मेजबानी की थी।

इस प्रतिनिधिमंडल ने गांधीनगर में राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से शिष्टाचार मुलाकात के साथ अपने दौरे की शुरुआत की।सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार कॉमनवेल्थ स्पोर्ट के अध्यक्ष रुकारे और सीईओ केटी सैडलियर अपने शानदार स्वागत से गदगद थे।

खेल तैयारियों पर जोर, सफलता का भरोसा

मुख्यमंत्री पटेल ने एक्स पर लिखा, ‘‘राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों की समीक्षा के लिए कॉमनवेल्थ स्पोर्ट के प्रमुख डोनाल्ड रुकारे के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल से मिलकर मुझे बेहद खुशी हुई।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व से प्रेरित होकर मजबूत टीम वर्क से इन खेलों के सफल आयोजन को लेकर चर्चा की।’’

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि राज्य सरकार राष्ट्रमंडल खेलों के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं और बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराएगी। रुकारे और सैडलियर ने पटेल को इस साल 23 जुलाई से दो अगस्त तक ग्लासगो में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए आमंत्रित किया और मुख्यमंत्री ने उनका निमंत्रण स्वीकार कर लिया।

यह भी पढ़े : दीपिका-सविता की हॉकी टीम में वापसी, अर्जेंटीना दौरा तय

विज्ञप्ति में कहा गया है कि प्रतिनिधिमंडल अपने चार दिवसीय दौरे के दौरान वीर सावरकर खेल परिसर, नरेन्द्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में ईकेए एरिना, वडोदरा क्रिकेट स्टेडियम और एकता नगर में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी सहित खेलों के लिए प्रस्तावित प्रमुख स्थलों का निरीक्षण करेगा। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button