क्रूर और भ्रष्ट शासन का प्रतीक है कांग्रेस : संबित पात्रा
हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद डॉ. संबित पात्रा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए उसे आधुनिक धनानंद वंश करार दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे भ्रष्ट और वंशवादी शासन को समाप्त करने के लिए आज चाणक्य जैसी रणनीतियों की जरूरत है।
नलगोंडा में महिला जन आक्रोश सभा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के बाद मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए डॉ. संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस का चरित्र आज भी क्रूर और भ्रष्ट शासन का प्रतीक है। उन्होंने प्रियंका गांधी वाड्रा के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर प्राचीन राजा धनानंद आज जीवित होते, तो वे यह देखकर खुश होते कि उनके जैसे भ्रष्ट वंश की परंपरा आज भी कांग्रेस के रूप में जारी है और राहुल गांधी जैसे उत्तराधिकारी मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि जब-जब भ्रष्ट धनानंद पैदा होंगे, तब-तब देशहित की रक्षा के लिए चाणक्य भी सामने आएंगे।
संबित पात्रा ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर महिला विरोधी मानसिकता का आरोप लगाते हुए कहा कि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण देने वाला विधेयक पिछले 30 वर्षों से लंबित है। जब-जब इसे संसद में लाने की कोशिश हुई, कांग्रेस, सपा, डीएमके और टीएमसी ने विरोध किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2023 में महिला सशक्तिकरण के लिए 131वाँ संविधान संशोधन लाकर संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण का रास्ता साफ किया, लेकिन कांग्रेस ने इसका भी विरोध किया और महिलाओं को उनके अधिकारों से वंचित रखा।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद : तबादलों पर से प्रतिबंध हटाया सरकार ने
परिसीमन के बाद दक्षिण की हिस्सेदारी बढ़ने का दावा
पात्रा ने कांग्रेस पर उत्तर-दक्षिण विभाजन की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि परिसीमन को लेकर गलत जानकारी फैलाई जा रही है। उन्होंने आंकड़ों के जरिए दावा किया कि परिसीमन के बाद दक्षिण भारत की लोकसभा में हिस्सेदारी घटेगी नहीं, बल्कि बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत की हिस्सेदारी 23.76 प्रतिशत से बढ़कर 24 प्रतिशत हो जाएगी। तेलंगाना में सांसदों की संख्या 17 से बढ़कर 26, कर्नाटक में 28 से 42, आंध्र प्रदेश में 25 से 38, तमिलनाडु में 39 से 59 और केरल में 20 से 30 होने की संभावना है।
डॉ. संबित पात्रा ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाली तेलंगाना सरकार पर भी वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि महिलाओं के लिए घोषित छह गारंटी जैसे महिला पेंशन योजना के तहत 2500, कल्याणमस्तु योजना में 10 ग्राम सोना, छात्राओं को मुफ्त स्कूटी और पेंशन बढ़ोत्तरी अब तक लागू नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जहाँ हर घर में शौचालय और नल से जल उपलब्ध करा रही है, वहीं राज्य की कांग्रेस सरकार केवल धोखा, धोखा और धोखा ही दे रही है।
संबित पात्रा ने कालेश्वरम परियोजना की जाँच को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जब मुख्यमंत्री ने पहले 1 लाख करोड़ के घोटाले की बात कही थी, तो अब केवल 9,000 करोड़ की जाँच ही क्यों कराई जा रही है। संबित ने तंज कसते हुए पूछा कि क्या बाकी हजारों करोड़ पर कमीशन लिया गया है? इसके अलावा नलगोंडा में चावल मिलिंग कारोबार में स्थानीय कांग्रेस नेताओं की संलिप्तता का आरोप लगाते हुए बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार की बात कहते हुए संबित पात्रा ने बताया कि भाजपा भ्रष्टाचार और वंशवाद के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगी और देशहित में चाणक्य नीति अपनाती रहेगी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






