गांधी भवन में मनाया गया कांग्रेस का 141वाँ स्थापना दिवस
हैदराबाद, प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने पार्टी के 141वें स्थापना दिवस के मौके पर मुख्यालय गांधी भवन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू और सरदार पटेल के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में पीसीसी अध्यक्ष महेश कुमार गौड़, मंत्री पोन्नम प्रभाकर, अजहरुद्दीन, विवेक, एमएलसी वेंकट, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष जी. चिन्ना रेड्डी और अन्य नेताओं ने भाग लिया। इस मौके पर महेश कुमार गौड़ ने पार्टी का झंडा फहराने के बाद पार्टी कैडर को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस दुनिया की सबसे पुरानी पार्टी है। उन्होंने याद दिलाते हुए कहा कि आज़ादी की लड़ाई और बाद में देश के विकास में कांग्रेस ने अहम भूमिका निभायी थी।



नेहरू ने देश के विकास की नींव रखी। इंदिरा गांधी ने आम आदमी के विकास के लिए बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया, तो राजीव गांधी ने देश को मॉडर्न टेक्नोलॉजी दी। इसी प्रकार पीवी नरसिम्हा राव आर्थिक सुधारों से देश को और आगे लेकर गये। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार संविधान को कमजोर करने और लोकतंत्र को खत्म करने की साजिश कर रही है।
रोजगार गारंटी विधेयक वापस लेने की केंद्र से मांग
महेश कुमार गौड़ ने आगे कहा कि बीजेपी ने बीसी समुदाय के लिए 42 प्रतिशत आरक्षण को लागू करने में रुकावट डाली। भारत राष्ट्र समिति बीजेपी का समर्थन कर रही है। इसके अलावा बीसी कल्याण मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने मंत्री विवेक, अजहरुद्दीन व अन्य नेताओं के साथ मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों के गरीबों के लिए राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना लागू किया।
वर्ष 2014 के चुनावों के दौरान बीजेपी ने कहा था कि वह इस योजना को शहरी क्षेत्रों में भी लागू करेगी, लेकिन सत्तासीन होने के बाद इस योजना का विस्तारीकरण करने के बजाय बीजेपी सरकार ने इसको कमजोर करने के लिए कदम उठाए। उन्होंने कहा कि इस योजना से गांधी का नाम भी हटा दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की बीजेपी सरकार इतिहास से गांधी, नेहरू, इंदिरा और राजीव के नाम मिटाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार रोजगार गारंटी योजना को लेकर लाये गये विधेयक को वापस ले।
यह भी पढ़ें… वीर बाल दिवस पर अखंड भारत का संकल्प लें : चंद्रशेखर तिवारी
गरीब लोगों की पार्टी है कांग्रेस : महेश कुमार गौड़
प्रदेश कांग्रेस समिति (पीसीसी) अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर संविधान के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने आलोचना करते हुए कहा कि वे अपनी कुर्सी बचाने के लिए कुछ भी करने से नहीं हिचकिचाएंगे। उन्होंने पार्टी कार्यालय गांधी भवन में संपन्न खैरताबाद अध्यक्ष मोते रोहित के शपथ ग्रहण समारोह में कहा कि बीजेपी धीरे-धीरे राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना को रद्द करने की दिशा में काम कर रही है।
बीजेपी बड़े लोगों की पार्टी है और गरीबों की उपेक्षा कर अडानी-अंबानी के हितों की रक्षा करने के प्रति ध्यान दे रही है। उन्होंने आलोचना करते हुए कहा कि गरीबों की समस्याएँ केंद्र सरकार को दिखाई नहीं दे रही हैं। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के गरीबों की पार्टी होने का दावा करते हुए कहा कि पार्टी हमेशा गरीबों की समस्याओं को हल करने के लिए काम कर रही है।उन्होंने आगे कहा कि सीएम रेवंत रेड्डी तेलंगाना राइजिंग 2047 विजन के ज़रिए राज्य का विकास करने की कोशिश कर रहे हैं।
रेवंत रेड्डी ने राहुल गांधी की इच्छा के अनुसार राज्य में जातिगत जनगणना करायी। अब केंद्र सरकार को जनगणना के तहत जातिगत गणना भी करने के लिए आगे आना पड़ा और यह श्रेय रेवंत रेड्डी को ही जाता है। इस मौके पर उन्होंने पार्टी नेताओं व कैडर से बीजेपी की नीतियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर प्रचार करके आने वाले दिनों में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए कड़ी मेहनत करने का आह्वान किया। इस कार्यक्रम में मंत्री श्रीहरि, सांसद अनिल यादव और अन्य नेता शामिल हुए। इससे पूर्व मोते रोहित समर्थकों के साथ भारी रैली के रूप में गांधी भवन पहुँचे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



