खनिज क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने का सही समय : किशन रेड्डी
हैदराबाद, खान मंत्रालय द्वारा गच्चीबावली स्थित हैदराबाद इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिज ब्लॉकों के सातवें दौर तथा अन्वेषण लाइसेंस ब्लॉकों के दूसरे दौर की नीलामी को लेकर भव्य रोड शो का आयोजन किया गया।
अवसर पर केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा कि खनिज क्षेत्र में आयात पर निर्भरता कम करने, क्षेत्रीय विकास को गति देने और भारत को एक आत्मनिर्भर और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी खनन शक्ति के रूप में स्थापित करने के लिए यही सही समय है।
जी. किशन रेड्डी ने अपने संबोधन में खनिज उत्पादन बढ़ाने और भारत की खनिज क्षमता को उजागर करने के लिए खनन क्षेत्र में किए जा रहे परिवर्तनकारी सुधारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खनिज क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर भारत के कदम आगे बढ़ रहे हैं। भारत की खनिज संपदा का दोहन करने के लिए निरंतर नीतिगत सुधारों और पारदर्शी नीलामी तंत्र पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निरंतर नीतिगत सुधारों, पारदर्शी नीलामी तंत्र और व्यापार करने में सुगमता पर विशेष ध्यान देने से इस क्षेत्र में वृद्धि हो रही है।
साथ ही निवेशकों की रुचि भी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान चरण में टंगस्टन, लिथियम, टिन और रॉक फॉस्फेट जैसे खनिजों सहित 19 महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिज ब्लॉक शामिल हैं। साथ ही दूसरे चरण के तहत अन्वेषण लाइसेंस ब्लॉक भी हैं। ये खनिज न केवल घरेलू आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करेंगे, बल्कि वैश्विक बाजार में भी भारत की पैठ बढाएंगे।
यह भी पढ़ें… 5 करोड़ से अधिक लोगों ने देखी भूभारती वेबसाइट : पोंगुलेटी श्रीनिवास
आयात निर्भरता कम करने की रणनीति पर चर्चा
किशन रेड्डी ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि आयात पर निर्भरता कम करने, क्षेत्रीय विकास को गति देने और भारत को एक आत्मनिर्भर और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी खनन शक्ति के रूप में स्थापित करने के लिए यही समय है, सही समय है।
तेलंगाना के श्रम, रोजगार तथा खान मंत्री गद्दाम विवेक वेंकटस्वामी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पारदर्शी नीतियों, व्यापार करने में आसानी तथा मंजूरी के साथ निवेशक-अनुकूल खनन पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा देने में राज्य के दृष्टिकोण पर प्रकाश डाला। उन्होंने संबंधित हितधारकों को इस क्षेत्र के विकास में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
खान मंत्रालय के सचिव पीयूष गोयल ने अवसर पर कहा कि मंत्रालय पारदर्शी प्रक्रियाओं और खनिज ब्लॉकों के समय पर संचालन को सुनिश्चित कर रहा है।
इसके तहत निवेशकों को सुविधा प्रदान करने और समग्र खनन पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अवसर पर बताया गया कि यह रोड शो विकसित भारत के दृष्टिकोण को साकार करने तथा वैश्विक खनन क्षेत्र में एक विश्वसनीय और प्रतिस्पर्धी खिलाड़ी के रूप में भारत की स्थिति को और मजबूत करने में सहायक सिद्ध होगा। कार्यक्रम में खान मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों, विभिन्न राज्य सरकारों के प्रतिनिधियों सहित सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों तथा निजी क्षेत्र की कंपनियों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



