साइबराबाद पुलिस में ई-ऑफिस की शुरुआत, काग़ज़-मुक्त प्रशासन की ओर बड़ा कदम
हैदराबाद, साइबराबाद पुलिस आयुक्त डॉ. एम. रमेश ने साइबराबाद पुलिस आयुक्तालय कार्यालय के चैंबर में ई-ऑफिस प्रणाली का शुभारंभ किया।
अवसर पर आयुक्त डॉ. एम. रमेश ने कहा कि ई-ऑफिस प्रणाली से सरकारी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी, फाइलों के निपटारे में देरी कम होगी और जवाबदेही सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से प्रशासन को अधिक प्रभावी, सुरक्षित और समयबद्ध बनाया जा सकता है। ई-ऑफिस एक वर्कफ्लो आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जो पारंपरिक फाइल प्रणाली की तरह कार्य करता है, लेकिन इसमें ऑटोमेशन और दक्षता को जोड़ा गया है।
इस प्रणाली के तहत प्राप्त होने वाली फाइलों का पंजीकरण, नई फाइलों का निर्माण, रसीदों और फाइलों की आवाजाही तथा रिकॉर्ड का सुरक्षित संग्रहण डिजिटल रूप से किया जाएगा। इससे फाइलों की रीयल-टाइम ट्रैकिंग संभव होगी और किसी भी स्तर पर जवाबदेही तय की जा सकेगी। अधिकारियों के अनुसार, यह प्रणाली डेटा सुरक्षा और अखंडता को मजबूत बनाएगी तथा किसी भी समय और कहीं से भी फाइलों तक पहुंच की सुविधा प्रदान करेगी।
इन प्रक्रियाओं के माध्यम से टर्न-अराउंड टाइम कम होगा और संसाधनों का बेहतर प्रबंधन संभव हो सकेगा। उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार ने काग़ज़-मुक्त शासन और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से सभी राज्य कार्यालयों में ई-ऑफिस प्रणाली लागू करने के निर्देश दिए हैं। यह प्रणाली राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस योजना के तहत विकसित की गई है, जो इलेक्ट्रॉनिक फाइल मूवमेंट, वर्कफ्लो ऑटोमेशन, दस्तावेज़ ट्रैकिंग और सुरक्षित डिजिटल भंडारण को सक्षम बनाती है।
अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि ई-ऑफिस प्रणाली के सुचारू क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक प्रशिक्षण और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि डिजिटल बदलाव बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक लागू हो सके। इस अवसर पर डीसीपी (अपराध )मुत्यम रेड्डी और डीसीपी साइबर क्राइम वाई.वी.एस. सुधींद्र भी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



