दिल्ली : हंसराज कॉलेज में 30 छात्र निलंबित, दुर्व्यवहार का आरोप

Ad

नयी दिल्ली, हंसराज कॉलेज प्रशासन ने कॉलेज उत्सव के दौरान हिंसा और दुर्व्यवहार से लेकर ‘सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से कॉलेज को बदनाम करने वाले कृत्यों’ में शामिल होने के आरोप में कम से कम 30 छात्रों को निलंबित कर दिया है।

कॉलेज के छात्र संघ ने इस कदम की निंदा की और लगभग एक सप्ताह की अवधि के भीतर जारी किए गए निलंबन नोटिस के विरोध में सोमवार को विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया। पहला नोटिस छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष पार्थ श्रीवास्तव को 20 अप्रैल को जारी किया गया था। कॉलेज की वेबसाइट पर अपलोड किए गए इस पत्र में कहा गया है कि छात्र को ‘संस्था की मानहानि और शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों के विरुद्ध अपमानजनक भाषा का प्रयोग सहित अनुशासनहीनता जैसे कृत्यों’ में संलिप्त पाया गया है।

पत्र में कहा गया है कि छात्र को अपने माता-पिता के साथ कॉलेज समिति के सामने पेश होने के कई अवसर दिए गए, जिनमें वह असफल रहा। इसमें कहा गया है, ‘उन्हें 23 मार्च 2026 को अंतिम अवसर दिया गया, जहां वह अकेले पेश हुए। आरोपों से अवगत कराए जाने के दौरान, उन्होंने न तो पश्चाताप व्यक्त किया और न ही अपने आचरण को स्वीकार किया।’ हालांकि, श्रीवास्तव ने कहा कि उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।

20 से 25 अप्रैल तक कई नोटिस

श्रीवास्तव ने कहा कि कॉलेज प्रशासन का यह कदम पूरी तरह से मनमाना है और उन्होंने इस मुद्दे को लेकर दिल्ली उच्च न्यायालय में पहले ही याचिका दायर की है। कॉलेज ने 20 अप्रैल को दूसरा नोटिस जारी कर 14 छात्रों को निलंबित कर दिया। छात्रों के इस समूह को भेजे गए नोटिस में निलंबन की अवधि निर्दिष्ट नहीं की गई है, लेकिन यह उल्लेख किया गया है कि निलंबन की अवधि के दौरान उन्हें परीक्षा और आंतरिक मूल्यांकन को छोड़कर कॉलेज परिसर में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी। इसी प्रकार 22 अप्रैल को जारी एक नोटिस में चार और छात्रों को निलंबित कर दिया गया।

23 अप्रैल को जारी एक नोटिस में कहा गया कि सात छात्रों को ‘सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से कॉलेज को बदनाम करने और संस्थान के शैक्षणिक वातावरण को प्रभावित करने वाली गतिविधियों में शामिल होने’ के आधार पर निलंबित कर दिया गया है। अंतिम नोटिस 25 अप्रैल को जारी किया गया, जिसमें छात्र संघ के चार पदाधिकारियों- अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के नाम शामिल थे। नोटिस में कहा गया है, ‘वार्षिक उत्सव के दौरान हिंसा, दुर्व्यवहार और अनुशासनहीनता को देखते हुए हंसराज कॉलेज छात्र संघ के निम्नलिखित पदाधिकारियों को अनुशासनात्मक कार्यवाही लंबित रहने तक तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है।’ (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Ad

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button