बथुआ साग के स्वादिष्ट व्यंजन
सर्दियों में स्वाद और पौष्टिकता का बेहतरीन मेल है बथुआ का साग। यह हरी पत्तेदार सब्ज़ी विटामिन, मिनरल और एंटीऑक्सिडेंट्स से भरपूर होती है और इसे स्वादिष्ट व्यंजनों में शामिल करके आसानी से हर किसी के खाने में नया ट्विस्ट लाया जा सकता है। आइए जानते हैं कुछ आसान और चटपटी रेसिपीज़ जैसे बथुआ पिज़्ज़ा, शाही कबाब और क्रीमी बथुआ टोस्ट, जिन्हें आप घर पर बनाकर पूरे परिवार के लिए स्वास्थ्यवर्धक और स्वादिष्ट भोजन तैयार कर सकते हैं।
बथुआ का पिज्जा
सामग्रीः- एक किलो बथुआ साग, दो प्याले दूध, 2 चम्मच सूजी, एक ब्रेड, एक चाय का चम्मच बेकिंग पाउडर, गर्म मसाला व नमक स्वादानुसार, सजाने हेतु चार प्याज, चार टमाटर, पांच छ हरी मिर्च, हरा धनिया, टमाटर सॉस।

विधि- साफ बथुआ साग को पीस लें और इसमें सूजी, बेकिंग पाउडर, दूध, नमक व गर्म मसाला मिलाकर घंटे भर के लिए रख दें। टमाटर, प्याज, हरा धनिया बारीक काटें। फिर नॉन स्टिक तवा गर्म कर उस पर हल्का घी लगायें। ब्ऱेड की स्लाइस पर बथुए का मिश्रण फैलाएँ और तवे पर दोनों ओर से सेंक लें। इसे प्याज, हरी मिर्च, टमाटर, टमाटर सास व हरी धनिया से सजा कर गर्मागर्म परोसें।
शाही कबाब
सामग्रीः- 200 ग्राम बथुआ साग, 2 या 3 आलू, 200 ग्राम बेसन, 1 मूली, 1 गाजर, आधा कप ब्रेड का चूरा, 2-3 हरी मिर्च, 15 ग्राम अदरक, आधा चम्मच लाल मिर्च (पिसी हुई), आधा चम्मच अमचूर, खाने वाला सोडा चुटकी भर, 1 छोटा चम्मच नमक, घी या तेल तलने के लिए।

विधि- साफ बथुए को बारीक काट लें। आलू उबाल कर मैश कर लें। अदरक व हरी मिर्च को बारीक काट लें। गाजर व मूली को कस लें। अब सारी सामग्री मिला कर गूंथ लें। इसके छोटे-छोटे रोल बना 5-7 मिनट भाप में पका लें। पकने पर ठंडा करें और चाकू से मनपसंद आकार में काट लें। अब इसे तल कर कसी हुई गाजर व मूली से सजाएँ। टमाटर सास के साथ गर्मागर्म परोसें।
क्रीमी बथुआ टोस्ट
सामग्रीः– 400 ग्राम बथुआ, 2 बड़े चम्मच चीज, आधा कप दूध, 1 चम्मच कार्नफ्लोर, 1 चम्मच मक्खन, 10 ब्रेड, 1 प्याज, 2 हरी मिर्च, खाने वाला सोडा चुटकी भर, नमक स्वादानुसार।

विधि- बथुआ साग, प्याज व हरी मिर्च को बारीक काट लें। मक्खन गर्म करके उसमें प्याज और मिर्च बथुआ व खाने वाला सोडा डालकर 2-3 मिनट तक भूनें, फिर इसमें कार्नफ्लोर व दूध का घोल डालें। इसे नमक डालकर गाढ़ा होने तक पकाएं। इस मिश्रण को ब्रेड स्लाइस के ऊपर फैलाएं और ऊपर से चीज को कद्दूकस कर के डाल दें। ओवन में 200 डिग्री से. ग्रे. पर 4-5 मिनट तक बेक करें। गर्मागर्म टोस्ट तैयार हैं। टमाटर सॉस के साथ परोसें।
भाषणा गुप्ता
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



