दमरे जीएम ने की मानसून के दौरान सुरक्षित रेल परिचालन की समीक्षा
हैदराबाद, दक्षिण मध्य रेलवे के महाप्रबंधक अरुण कुमार जैन ने आज सिकंदराबाद स्थित रेल निलयम में पूरे जोन में मानसून के दौरान सुरक्षित रेल परिचालन की तैयारियों पर विस्तफत समीक्षा बैठक की। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अरुण कुमार जैन ने बैठक में अधिकारियों को मानसून के मद्देनजर सुरक्षा अभियान चलाने की सलाह दी, ताकि सुरक्षित रेल परिचालन को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रक्रियाओं को सख्ती से लागू किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को असुरक्षित स्थितियों को रोकने के लिए पटरियों, पुलों और भारी वर्षा वाले स्थानों पर सभी पहचाने गए संवेदनशील खंडों पर गश्त को मजबूत करने का निर्देश दिया।
साथ ही मंडल रेल प्रबंधकों को बारिश के मौसम को देखते हुए अप्रत्याशित विफलताओं से बचने के लिए सिग्नलिंग प्रणाली आदि का उचित संचालन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। अरुण कुमार जैन ने ट्रेन परिचालन की सुरक्षा पर बल देते हुए कहा कि सभी प्रकार की सुरक्षा सावधानियों का पालन किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा से संबंधित परिसंपत्तियों का निरीक्षण करके सभी स्तरों पर यात्रियों की सुरक्षा पर ध्यान केंद्रित करने का भी निर्देश दिया।
यह भी पढ़ें… दमरे महाप्रबंधक ने प्रदान किए कर्मचारी सुरक्षा पुरस्कार
रेल सुरक्षा, ई-डैश लांच और सीसीटीवी पर ज़ोर
दमरे महाप्रबंधक ने अधिकारियों को ट्रैक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उपद्रवियों की गतिविधियों की पहचान करने के लिए अतिरिक्त आरपीएफ और ट्रैक पेट्रोलिंग स्टाफ को तैनात करके ट्रैक पेट्रोलिंग को मजबूत करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त उन्होंने कर्मचारियों तथा अधिकारियों को ट्रेनों और सड़क यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जोन के लेवल क्रॉसिंग गेटों पर मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान उन्होंने सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निजी साइडिंग सहित जोन में सीसीटीवी की उपलब्धता पर भी चर्चा की। बैठक से पूर्व अरुण कुमार जैन ने ई-डैश (इलेक्ट्रॉनिक ड्राइंग अप्रूवल सिस्टम) का नया संस्करण 2.0 लांच किया, जो इंजीनियरिंग ड्राइंग से संबंधित डेटाबेस को बनाए रखने और सक्षम प्राधिकारी द्वारा अनुमोदन में सहायता करेगा। इससे कागज रहित कामकाज को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही समय तथा पैसे की भी बचत होगी।
बैठक में दमरे अतिरिक्त महाप्रबंधक नीरज अग्रवाल ने सभी प्रमुख विभागाध्यक्षों के साथ भाग लिया। साथ ही सभी छह डिवीजनों सिकंदराबाद, हैदराबाद, विजयवाड़ा, गुंतकल, गुंटूर तथा नांदेड़ के मंडल रेल प्रबंधक वीडियो कांफ्रेंस द्वारा समीक्षा बैठक में शामिल हुए।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



