राहुल गांधी की बातों पर विश्वास न करें : रामचंदर राव
हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की कड़ी आलोचना करते हुए नाराजगी व्यक्त की और कहा कि अमेरिका-इजराइल और ईरान युद्ध के कारण भारत में कच्चे तेल की कमी होने तथा दरें बढ़ने का दुष्प्रचार करके राहुल गांधी देश की जनता में अनावश्यक भय पैदा करने के प्रयास कर रहे हैं। जनता राहुल की बातों पर विश्वास न करें क्योंकि देश में पर्याप्त मात्रा में कच्चे तेल का स्टॉक उपलब्ध है। युद्ध का कोई असर भारत पर नहीं पड़ेगा।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश मुख्यालय श्यामाप्रसाद मुखर्जी भवन में विपक्षी भारत राष्ट्र समिति (भारास) की जिल्लेलगुड़ा पूर्व पार्षद मेकला विजयलक्ष्मी, सरूरनगर बीआरएस पूर्व मंडल अध्यक्ष मेकला रवींदर रेड्डी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में नेता, कार्यकर्ता व महिलाएँ भाजपा में शामिल हुए, जिनका रामचंदर राव ने भगवा पहनाकर स्वागत किया। साथ ही महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिनोत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को देशहित व जनहित से कोई लेना-देना नहीं है।
राहुल गांधी पर दुष्प्रचार फैलाने का आरोप
उसे केवल स्वहित प्यारे हैं। झूठ बोलकर सत्ता में कैसे आएँ, बस यही विचार कांग्रेस करती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि युद्ध का असर भारत में इसलिए भी नहीं पड़ेगा क्योंकि वर्तमान समय भारत विश्व के 47 देशों से कच्चा तेल खरीद रहा है जिसमें रूस भी शामिल है। भारत के पास कच्चा तेल पर्याप्त मात्रा में मौजूद है। उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के शासन में केवल 16 देशों से कच्चा तेल खरीदा जाता था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की दूरदृष्टि के चलते वर्तमान समय कई देशों से भारत के संबंध बेहतर, बल्कि मजबूत हो रहे हैं।
रामचंदर राव ने आगे कहा कि भविष्य में भारत को तेल की कोई कमी नहीं होगी। कांग्रेस के दुष्प्रचार पर जनता कतई विश्वास न करे। देश सुरक्षित हाथों में है। इसके लिए सभी को प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद करना चाहिए। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि युद्ध के कारण देश में तेल की कोई कमी नहीं होगी। भविष्य में भी ऐसा नहीं होगा। किसी को चिंता की जरूरत नहीं है।
कांग्रेस ने ईरान से संबंध बिगाड़ा
रामचंदर राव ने कांग्रेस पर ईरान को लेकर दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए प्रश्न किया कि वर्तमान समय ईरान के समर्थन में छाती पीट रही कांग्रेस ने वर्ष 2005 के दौरान अंतरराष्ट्रीय परमाणु उर्जा एजेंसी (आईएईए) में ईरान के खिलाफ वोट किया था जिसके कारण ईरान ने नाराज होकर भारत को कच्चा तेल देना बंद कर दिया था। इसके चलते भारत में ईंधन की दरें बढ़ गई थीं। उन्होंने वर्ष 2005 में संप्रग चेयरपर्सन रहीं सांसद सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, तत्कालीन केंद्रीय मंत्री रहे पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी, एसएम कृष्णा का नाम लिया और कहा कि ईरान से भारत के संबंध बिगाड़ने का पाप कांग्रेस का ही है। कांग्रेस ने ईरान ही नहीं, इजराइल, अमेरिका आदि देशों से भी संबंध अच्छे नहीं रखे थे।
रामचंदर राव ने कहा कि देश को लेकर कांग्रेस के पास कोई प्लान नहीं था, न ही पूर्व संप्रग सरकार के पास कोई रणनीति थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चीन के साथ समझौता करके देश के साथ द्रोह किया लेकिन छोटी-मोटी घटनाओं के बावजूद भारत की सीमाओं की चीन से सुरक्षा करके मोदी सरकार चीन से रिश्तों को बनाए रखा है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने इजराइल के साथ अच्छे संबंध बनाए थे, फिर यूपीए ने सत्ता में आने के बाद संबंध बिगाड़ लिए परंतु वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद इजराइल सहित विश्व के अनेक देशों से भारत के संबंध बेहतर हुए हैं।
यह भी पढ़ें… तेलंगाना में महिलाएँ असुरक्षित : रामचंदर राव
किसी के साथ गठबंधन नहीं करेगी भाजपा
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रामचंदर राव ने यह भी स्पष्ट किया कि चुनाव में बीजेपी किसी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी। यह दिल्ली हाईकमान का निर्णय है। उन्होंने कहा कि बीआरएस से भारी संख्या में नेताओं और कैडर के भाजपा में शामिल होने वालों को रोकने के लिए भविष्य में भाजपा के साथ गठबंधन करने का बीआरएस गलत प्रचार कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता ने सत्ता में एक बार बीआरएस को दूसरी बार कांग्रेस को लाकर कुशासन देख लिया है इसलिए दोनों पार्टियों से नाराज है अब जनता भाजपा की ओर देख रही है। उन्होंने कहा कि जनता जान चुकी है कि बीआरएस या कांग्रेस को जिताया गया तो यह दल तेलंगाना विशेषकर हैदराबाद को मजलिस के हाथों में सौंप देंगे, इसलिए जनता इस बार बीजेपी को अवसर देकर सत्ता में लाने का मन बना चुकी है।
बीआरएस की अब कोई जरूरत नहीं : कोंडा विश्वेश्वर
अवसर पर सांसद कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी ने कहा कि बीआरएस का तेलंगाना में अब कोई भविष्य नहीं है। इस पार्टी की कोई जरूरत भी नहीं है। आखिरकार क्यों बीआरएस को सत्ता में लाया जाए, क्या एक परिवार के लिए या फिर कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई परियोजना में लूट के लिए। उन्होंने कहा कि बीआरएस को भाजपा से भय लगने लगा है इसलिए भविष्य में बीजेपी के साथ गठबंधन करने का पिता (केसीआर) – पुत्र (केटीआर) दुष्प्रचार कर रहे हैं और अपने कैडर को भाजपा में मत जाओ भविष्य में बीजेपी से गठबंधन किया जायेगा, कहकर रोक रहे हैं। उन्होंने कहा कि तेलंगाना के लोग देश व धर्म के लिए भाजपा में शामिल हो रहे हैं।
भाजपा में आज बीआरएस के रंगारेड्डी जिला उपाध्यक्ष नरसिंग यादव, भारास नेता वेंकटेश, आर. सुधाकर, एम. राजू, दिवाकर एम., ए. वेंकटराम, जी. गणेश, जयशंकर नायक, नरसाराजू, रामकृष्णा, शिवमालिका, एस. भास्कर, एस. अशोक कुमार रेड्डी, जिल्लेलगुड़ा वी. आनंद, एस. शिवकुमार, बी. सुकन्या, अनुशा रेड्डी, मीरपेट बीआरएस नेता पद्मारेड्डी, स्वरूपा, पूजिता, सुष्मिता, ललिता, गिरिजा, मंजरी, वनजा, जयलक्ष्मी, सुकुमार, श्रीनू नायक के अलावा सरूरनगर, मीरपेट व जिल्लेलगुड़ा आदि भी शामिल हुए। अवसर पर भाजपा नेता देवेंदर रेड्डी, मुकेश मुदिराज, अंदेश्री रामुलू व अन्य उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



