डीआरएम ने किया सिकंदराबाद स्टेशन का निरीक्षण, संक्रांति पर भीड़ के प्रबंधन में जुटा रेलवे
हैदराबाद, सिकंदराबाद डिवीजन के मंडल रेलवे प्रबंधक डॉ. आर. गोपालकृष्णन ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर आगामी संक्रांति पर्व को देखते हुए भीड़ प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।



डॉ. आर. गोपालकृष्णन ने निरीक्षण के दौरान यात्री सुरक्षा, सुगम आवाजाही, प्रवेश और निकास बिंदुओं के नियमन और व्यस्त समय के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को संभालने के लिए कर्मचारियों की तैयारियों से संबंधित योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि त्यौहारी मौसम में यात्रियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए विभागों के बीच पर्याप्त समन्वय और कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन पर चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों के मद्देनजर प्लेटफार्म नंबर 1 पर पार्किंग सुविधा अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई है।
प्लेटफार्म 10 को प्राथमिकता, सीमित पिक-अप व ड्रॉप सुविधा
यहाँ केवल केवल सीमित पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ सुविधा ही उपलब्ध है। भीड़ से जुड़ी समस्या से बचने के लिए यात्रियों को चाहिए कि वह यात्रा की योजना पहले से बनाते हुए सिकंदराबाद के प्लेटफार्म नंबर 10 (भोइगुड़ा की ओर) को प्राथमिकता दें। यहाँ बेहतर कनेक्टिविटी, लिफ्ट सुविधा, चौड़े प्रवेश द्वार और पार्किंग सुविधा उपलब्ध है। इसमें रेल यात्रियों की सुविधा के लिए बेसमेंट-1 पार्किंग भी शामिल है।
डॉ. आर. गोपालकृष्णन ने बुनियादी ढाँचे में किए गए सुधारों के बारे में विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि इनमें प्लेटफार्म एक तरफ गेट 2 और गेट 4 पर नए प्रतीक्षा क्षेत्र स्थापित करना, काजीपेट छोर की ओर नया फुट ओवर ब्रिज खोलना, सिकंदराबाद पश्चिम मेट्रो स्टेशन की ओर नया निकास गेट5ए खोलना आदि शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रमुख शहरी टर्मिनलों पर भीड़ कम करने के लिए अधिक माँग वाले मार्गों पर चलने वाली 24 ट्रेनों के लिए लिंगमपल्ली, हाईटेक सिटी तथा चर्लापल्ली स्टेशनों पर अतिरिक्त स्टॉपेज प्रदान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावी सुरक्षा निगरानी के लिए 92 कैमरों के साथ सीसीटीवी व्यवस्था, उन्नत टिकट काउंटर और स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीनों के साथ सिकंदराबाद स्टेशन और मंडल मुख्यालय में नियंत्रण कक्षों की स्थापना आदि की गई है। यहाँ चौबीसों घंटे कर्मचारियों की तैनाती रहेगी।
यह भी पढ़ें… एआईजी हॉस्पिटल्स में इंटीग्रेटेड स्ट्रोक कमांड सेंटर का शुभारंभ
रेलवन ऐप से टिकट बुकिंग को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता अभियान
मंडल रेलवे प्रबंधक ने कहा कि सिकंदराबाद स्टेशन पर अतिरिक्त व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया गया है। इनमें द्वारों पर नियंत्रित प्रवेश तथा निकास, एफओबी क्लियरेंस, कतार प्रबंधन, यात्रियों की सहायता तथा मार्गदर्शन सुनिश्चित करने के लिए आरपीएफ और टिकट चेकिंग स्टाफ से मिलकर ग्राउंड ऑपरेशंस का गठन शामिल है। इस कड़ी में यात्रियों को रेल वन ऐप के माध्यम से टिकट बुक करने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु सक्रिय जागरूकता अभियान शामिल है।
डॉ. आर. गोपालकृष्णन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि ट्रेनों के आगमन तथा प्रस्थान, विशेष ट्रेनों, प्लेटफार्म नंबरों और डिब्बों की स्थिति के बारे में जानकारी का समय पर और सटीक प्रसार स्टेशनों और सोशल मीडिया प्लेटफार्मों, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से किया जाना चाहिए। साथ ही पुनर्विकास स्थलों पर उचित बैरिकेडिंग तथा यात्रियों के लिए सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यात्रियों से अनुरोध किया कि वह स्टेशन समय से पहले पहुँचकर परिसर के भीतर सुचारू और सुरक्षित आवागमन के लिए घोषणाओं और संकेतों का पालन कर रेलवे का सहयोग करें।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



