ईगल पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 7.15 किलो गांजा जब्त, 4 तस्कर गिरफ्तार
हैदराबाद, तेलंगाना की ईगल पुलिस ने दो अलग-अलग घटनाओं में खम्मम और गोदावरीखनी से चार गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से 3.57 लाख रुपये मूल्य का 7.150 किलो गांजा जब्त किया।
यहाँ प्रेस विज्ञप्ति में ईगल फोर्स के निदेशक संदीप शांडिल्य ने बताया कि पहली घटना में खम्मम के क्षेत्रीय नारकोटिक्स कंट्रोल सेल के साथ मिलकर ईगल फोर्स ने कोलागुड़ा, जयपुर, कोरापट, ओड़िशा निवासी पेशे से मजदूर पंगी रघुपति (35) और उसकी पत्नी पंगी साबी (32) को गिरफ्तार किया। ये दोनों ओड़िशा से 6 किलो गांजा खरीदकर इसे हैदराबाद के मैलारदेवपल्ली में रहने वाले महेश वामन राव (28) को सौंपने के लिए जा रहे थे।
रास्ते में इन दोनों को खम्मम से गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों को बरामद संपत्ति के साथ आगे की कार्रवाई के लिए खम्मम रूरल पुलिस के हवाले कर दिया गया है। इस मामले में महेश फरार है। एक अन्य घटना में ईगल फोर्स ने करीमनगर के क्षेत्रीय नारकोटिक्स कंट्रोल सेल के साथ मिलकर गोदावरीखनी बस स्टैण्ड के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 57,500 रुपये मूल्य का 1.150 किलो गांजा जब्त किया।
यह भी पढे़: गोलकोंडा में गांजे के साथ 1 गिरफ्तार
दोनों नागपुर रेलवे स्टेशन से एक अज्ञात व्यक्ति के पास से गांजा खरीदकर इसे गोदावरी खनी में बेचने का प्रयास कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रगति कॉलोनी, गोदावरीखनी निवासी बेती तरुण (21) और मनाकोंदुरू, करीमगनगर निवासी जोमाटो डेलिवरी बॉय पतंगी अनिल (23) के रूप में की गई। दोनों को गिरफ्तार करने के बाद उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



