शिक्षा के माध्यम से समाज में मिलती है पहचान : अनुदीप दुरीशेट्टी

हैदराबाद, हैदराबाद जिला कलेक्टर ने आज स्कूल खुलने के पहले दिन छात्रों को संदेश देते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही समाज में पहचान एवं सम्मान प्राप्त होता है। छात्रों को प्रतिस्पर्धी भावना के साथ अध्ययन करते हुए परीक्षाओं में बेहतर परिणाम तथा जीवन में श्रेष्ठ लक्ष्य हासिल करने का संकल्प लेना चाहिए। अनुदीप दुरीशेट्टी ने आज लंगर हौज सैयद मुर्तुजा हुसैनी मेमोरियल सरकारी उच्च और प्राथमिक विद्यालय में स्कूलों के पुनः खुलने के कार्यक्रम में भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। स्कूलों में आवश्यक सुविधाएँ और बेहतर शिक्षा प्रदान करने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार प्रत्येक शैक्षणिक वर्ष में प्रत्येक छात्र पर एक लाख रुपये से अधिक खर्च करती है। इसमें छात्रों को वर्दी, मिड-डे मील, पाठ्य पुस्तकें, कार्य पुस्तिकाएँ, अध्यापकों का वेतन आदि शामिल है। छात्रों को इन सुविधाओं का लाभ उठाते हुए मनोयोग से अध्ययन करना चाहिए। साथ ही स्कूलों में शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने का प्रयास करना चाहिए।

यह भी पढ़ें… हैदराबाद को मिली नयी जिलाधीश

उच्च लक्ष्य हेतु शिक्षा का महत्व और प्रेरणा

जिला कलेक्टर ने कहा कि समाज में पहचान और सम्मान हासिल करने का सबसे प्रभावशाली माध्यम शिक्षा है। इसलिए सभी छात्रों को अच्छी तरह से अध्ययन करते हुए आईएएस, आईपीएस, इंजीनियर, डॉक्टर सहित अन्य उच्च पदों पर पहुँचने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब बच्चे अच्छी पढ़ाई करेंगे तथा अच्छे पद पर होंगे, तभी माता-पिता, अध्यापक, रिश्तेदार, मित्र व क्षेत्र के लोग खुश होंगे।

व्यक्ति के पास चाहे कितना भी धन क्यों न हो, शिक्षा के बिना सब बेकार है। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनके बच्चे प्रतिदिन स्कूल जाएँ। शुभ कार्य या समारोह यथासंभव छुट्टियों के दौरान आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि बच्चे पढ़ाई में पिछड़ ना सकें। अनुदीप दुरीशेट्टी ने कहा कि स्कूल चलो कार्यक्रम को प्राथमिकता देते हुए नए दाखिलों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज करने के प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने छात्रों को यूनिफॉर्म, पाठ्य पुस्तकें और नोटबुक प्रदान कीं। कार्यक्रम में डीईओ आर. रोहिणी, डिप्टी ईओ वेंकटेश्वरलू, तहसीलदार, स्कूल की प्रधानाचार्य, शिक्षक सहित अन्य उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button