छत्तीसगढ़ के सुकमा में मुठभेड़: 16 नक्सली ढेर, दो जवान घायल
सुकमा, छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में एक बड़े नक्सल विरोधी अभियान में सुरक्षाबलों ने शनिवार को मुठभेड़ में 16 माओवादियों को मार गिराया। अधिकारियों ने बताया कि राज्य पुलिस की जिला रिजर्व गार्ड (DRG) इकाई के दो जवान मुठभेड़ में घायल हुए हैं, लेकिन उनकी हालत सामान्य है। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं।
नक्सल विरोधी अभियान पर निकला था संयुक्त दल
बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (IG) सुंदरराज पी ने बताया कि केरलापाल थाना क्षेत्र के जंगल में शनिवार सुबह लगभग 8 बजे गोलीबारी शुरू हुई, जब सुरक्षाबलों का एक संयुक्त दल नक्सल विरोधी अभियान पर निकला था।
आईजी सुंदरराज पी ने कहा कि केरलापाल क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर शुक्रवार रात अभियान शुरू किया गया था, जिसमें जिला रिजर्व गार्ड (DRG) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान शामिल थे। उन्होंने आगे बताया, “अब तक मुठभेड़ स्थल से 16 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। अभियान अभी जारी है।” अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान DRG के दो जवान मामूली रूप से घायल हुए हैं, लेकिन उनकी स्थिति स्थिर है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



