साइबराबाद में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 9 गिरफ्तार


हैदराबाद, साइबराबाद की साइबर क्राइम पुलिस और मेडचल की स्पेशल ऑपरेशन टीम (एसओटी) ने फर्जी कॉल सेंटर चलाते हुए भारत और अमेरिका के नागरिकों को क्रेडिट कार्ड और डिजिटल पेमेंट सहायता के नाम पर ठगने वाले 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके अन्य सहयोगियों की भी तलाश चल रही है।

एसओटी के डीसीपी डी. श्रीनिवास, साइबर क्राईम की डीसीपी बी. साई श्री ने बताया कि  पश्चिम बंगाल के कोलकाता में रहने वाले दानिश आलम, मुहम्मद साहेब अली उर्फ सोनू,  मुहम्मद फहाद परवेज, मोहम्मद अमन आलम, मुहम्मद इश्तियाक अहमद, मुहम्मद मोहसिन, फरीद हुसैन, मुहम्मद शादाब आलम, मुहम्मद सोनू को ऑनलाइन धोखाधड़ी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। जबकि उनके कुछ साथियों की भी सूची भी तैयार की गई, जिसकी भी तलाश जारी है।

भारत और अमेरिकी नागरिकों को ठगने वाले 9 गिरफ्तार

यह  गिरोह बाचुपल्ली के एक विला में कॉल सेंटर चला रहा था, जहां से वे भारत और अमेरिका के पीड़ितों को फंसाते थे। पहले फिशिंग ईमेल भेजे जाते, जिसमें खाते से गलत लेन-देन का जिक्र होता था। मेल में एक हेल्पलाइन नंबर दिया जाता, जिस पर कॉल करने पर गिरोह के सदस्य बात करते थे। इसके बाद एनीडेस्क जैसे रिमोट एक्सेस टूल इंस्टॉल करवाकर पीड़ित के कंप्यूटर में प्रवेश कर बैंकिंग विवरण, पासवर्ड, ट्रांजैक्शन हिस्ट्री हासिल करते हुए धोखाधड़ी हो रही थी। उन्होंने बताया कि यदि कोई जानकारी देने से इंकार करता, तो उन्हें ड्रग तस्करी, न्यूड फोटो लीक या मानव तस्करी जैसे झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी जाती थी।

आरोपियों के पास से  22 मोबाइल फोन, 10 लैपटॉप, हेडसेट्स, वीओआईपी कॉल सेटअप सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किये गए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले बाचुपल्ली के एसवीएस अपर्णा से कॉल सेंटर चला रहे थे, लेकिन स्थानीय लोगों को शक होने के बाद वे स्थान बदलकर दूसरे विला में शिफ्ट हो गए। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस तथा आईटी एक्ट-2008 के तहत मामले दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई चल रही है।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button