रडार पर नकली बीज व उर्वरक विक्रेता: रेवंत रेड्डी
हैदराबाद, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने अधिकारियों को नकली बीज बेचने वाली कंपनियों व व्यापारियों के खिलाफ पी.डी. कानून के तहत मामले दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने का आदेश दिया। उन्होंने आगामी वर्षाकालीन मौसम में किसानों को फसल खेती के लिए आवश्यक बीज, उर्वरक आदि उपलब्ध करने के निर्देश भी दिए। साथ ही जिलाधीशों व जिला एसपी को नकली बीज व उर्वरक बिक्री के उन्मूलन के लिए ठोस कदम उठाने का आदेश दिया।
रेवंत रेड्डी ने कहा कि इस प्रकार के गोरखधंधे को कुचलने हेतु कृषि व पुलिस अधिकारियों को लेकर टास्क फोर्स का गठन किया जाए और उनकी राज्य की सीमाओं पर तैनाती की जाए। आज सचिवालय में कृषि मंत्री तुम्मला नागेश्वर राव के साथ बैठक कर मुख्यमंत्री ने वर्षाकालीन मौसम में खेती के लिए उठाये जा रहे कदमों की समीक्षा की।
यह भी पढ़ें… ऑपरेशन सिंदूर : मिशन सफल
किसानों को समय पर बीज-उर्वरक और चेतावनी
इसमें सीएम के सलाहकार वेम नरेंदर रेड्डी, सांसद सीएच किरण कुमार रेड्डी, सरकार के मुख्य सचिव रामकृष्ण राव, वित्त प्रधान सचिव संदीप कुमार सुल्तानिया, कृषि सचिव रघुनंदन राव, निदेशक गोपी व अन्य अधिकारियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने बताया कि जिलों में पर्याप्त बीज व उर्वरक उपलब्ध कराया गया है। वर्षाकालीन मौसम के दौरान धान व कपास की अधिक मांग होगी और किसानों की मांगों के अनुसार अच्छी क्वालिटी के बीज मार्केट में उपलब्ध हैं।
अवसर पर रेवंत ने कहा कि सरकार ने पर्याप्त मात्रा में बीज और उर्वरक उपलब्ध किया है। किसानों को परेशान होने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने किसानों को सुझाव देते हुए कहा कि इस बार समय से पहले ही मानसून आने से संबंधित मौसम विभाग की सूचना के प्रति ध्यान दिया जाए। मौसम विभाग की सूचनाओं के अनुसार ही किसान खेती संबंधित काम शुरू करें। उन्होंने किसानों को नकली बीजों से सतर्क रहने का सुझाव दिया। साथ ही अधिकारियों को किसानों में नकली बीज, उर्वरक, कीटनाशक आदि को लेकर आवश्यक जागरूकता लाने के लिए कदम उठाने का आदेश दिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



