न्यूयॉर्क में विदेश मंत्री जयशंकर और रुबियो की बैठक H-1B और टैरिफ पर चर्चा
न्यूयॉर्क: भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अपने अमेरिकी समकक्ष मार्को रूबियो से मुलाकात की हैI यह मुलाकात न्यूयॉर्क में हुई है और दोनों नेता ऐसे समय में मिल रहे हैं जब टैरिफ वीजा के मसलों पर दोनों देशों में तनातनी जारी हैI जयशंकर इस समय अमेरिका में हैं और वह यहां पर संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के 80वें सत्र में हिस्सा लेंगे जो सोमवार से ही शुरू हो रहा हैI महासभा सत्र के दौरान दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से एक-दूसरे से हाथ मिलायाI
टैरिफ के बीच पहली मुलाकात
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारत पर 50 फीसदी टैरिफ लगाए जाने के बाद रुबियो और जयशंकर के बीच यह पहली आमने-सामने की मुलाकात हैI अमेरिकी विदेश विभाग की तरफ से 21 सितंबर को एक प्रेस रिलीज जारी कर दोनों की मुलाकात के बारे में बताया गया थाI यूएनजीए सत्र से इतर दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से हाथ मिलाया, यह मीटिंग भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत करने के निरंतर प्रयास का हिस्सा है, जो हाल के महीनों में तनावपूर्ण हो गए थे, लेकिन अब सुधार के संकेत दे रहे हैंI (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



