ओड़िशा से सूरत के लिए गांजा तस्करी का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार
हैदराबाद, सिकंदराबाद रेलवे पुलिस ने रेलवे सुरक्षा बल के साथ मिलकर ओड़िशा से सूरत (गुजरात) के लिए गांजा तस्करी का पर्दाफाश कर नाबालिग समेत दो तस्करों को गिरफ़्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के पास से दो ट्रॉली बैगों में भरकर रखा गया 17.909 किलो गांजा ज़ब्त किया, जिसकी कीमत 8.95 लाख रुपये बताई जा रही है।
रेलवे पुलिस अधीक्षक संदीप ने यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि उप-पुलिस अधीक्षक एस.एन. जावीद के नेतृत्व में रेलवे पुलिस इंस्पेक्टर बी. साईं ईश्वर गौड़ ने सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन के जनरल वेटिंग हॉल से नाबालिग समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मूलत गंजम ज़िला ओड़िशा निवासी व नवापुरा सूरत निवासी पेशे से मजरूर राजेश कुमार (25) अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर ओड़िशा से सूरत के लिए गांजे की तस्करी कर रहा था।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद : नवजात शिशु की बिक्री का पर्दाफाश, 4 अरेस्ट
ओडिशा में गांजा सप्लायर से आरोपियों की मुलाकात
साईं ईश्वर गौड़ ने बताया कि हाल ही में दोनों आरोपी ओड़िशा गए हुए थे, जहाँ उनकी मुलाकात गांजे की आपूर्ति करने वाले फरार आरोपी कोडला ग्राम गंजम ज़िला, ओड़िसा निवासी राजेश कुमार (25) से हुई। राजेश ने दोनों को ओड़िसा से सूरत के लिए गांजे की तस्करी करने पर 7-7 हजार रुपये का कमीशन देने का लालच दिया। दोनों आरोपी वर्तमान समय में आर्थिक तंगी के दौर से गुजर रहे थे। इसलिए उन्होंने अपनी तंगी दूर करने के लिए राजेश के प्रस्ताव को स्वीकार लिया।
राजेश के कहने पर वे दोनों 7 मई को सुबह के समय ओड़िसा के फूलबनी वन क्षेत्र में गए, जहाँ राजेश ने उन्हें दो ट्रॉली बैगों में 17.909 किलो गांजा भरकर दिया। दोनों आरोपी गांजा लेकर विशाखा एक्सप्रेस में सवार होकर सिकंदराबाद स्टेशन पहुँचे। सूरत जाने के लिए वे स्टेशन के जनरल वेटिंग हॉल में शाम को निकलने वाली ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान रेलवे पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20(बी)(2) और जेजे एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



