एचबीसीएचआरसी में रखी गई आईसीआईसीआई फाउंडेशन ब्लॉक की आधारशिला
बाल तथा रक्त कैंसर रोगियों को समर्पित होगी नई सुविधा
हैदराबाद, आईसीआईसीआई बैंक द्वारा टाटा मेमोरियल सेंटर के साथ आज विशाखापट्टनम स्थित होमी भाभा कैंसर अस्पताल और अनुसंधान केंद्र (एचबीसीएचआरसी) में नई इमारत के निर्माण की घोषणा की गई। यह सुविधा बाल तथा रक्त कैंसर रोगियों को समर्पित होगी। प्रेस विज्ञप्ति द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार, आईसीआईसीआई बैंक 550 करोड़ रुपये से अधिक की प्रतिबद्धता केसाथ अत्याधुनिकचिकित्सा तकनीकसे सुसज्जित लगभग 3.9 लाख वर्ग फीटमें फैली अत्याधुनिक सुविधा केनिर्माण को वित्तपोषित कर रहा है।
निर्माण के बाद यह आईसीआईसीआई फाउंडेशन ब्लॉक रूपी नई सुविधा बाल और रक्त कैंसर के 3,000 रोगियों को सालाना सेवा प्रदान करेगी। वर्तमान में एचबीसीएचआरसी, विशाखापट्टनम में सालाना 6,200 रोगियों सेवाएँ देने की क्षमता है। जानकारी देते हुए बताया गया कि पूर्वी भारत में सबसे बड़ी विशेष कैंसर सुविधाओं में से एक के रूप में डिज़ाइन की गई इस इमारत में 215 से अधिक बिस्तर होंगे।
आवश्यक अनुमोदन के अधीन इस सुविधा के वर्ष 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है। आईसीआईसीआई बैंक की सीएसआर शाखा आईसीआईसीआई फाउंडेशन फॉर इनक्लूसिव ग्रोथ इसके कार्यान्वयन की देखरेख करेगी। आईसीआईसीआई बैंक के अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिन्हा द्वारा बैंक के कार्यकारी निदेशक संदीप बत्रा तथा टाटा मेमोरियल सेंटर मुंबई के निदेशक डॉ. सुदीप गुप्ता की उपस्थिति में आधारशिला रखी गई।
यह भी पढ़ें… मेट्रो रेल के दूसरे चरण के कार्यों पर रोक
कैंसर उपचार में आईसीआईसीआई-टीएमसी की नई पहल
प्रदीप कुमार सिन्हा ने कहा कि हमें कैंसर देखभाल के लिए टीएमसी के साथ साझेदारी करने पर गर्व है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना जरूरतमंद व्यक्तियों के लिए सुलभ और उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा देखभाल को सक्षम करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस परियोजना से आंध्र-प्रदेश और आसपास के राज्यों के रोगियों के कैंसर के उपचार की बढ़ती जरूरत को पूरा करने में मदद मिलेगी।
होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र विशाखापट्टनम के निदेशक डॉ. उमेश महंत शेट्टी ने कहा कि हम आईसीआईसीआई फाउंडेशन के उदार दान के लिए आभारी हैं, जो इस क्षेत्र में बाल चिकित्सा और हेमेटोलिम्फोइड कैंसर में कैंसर उपचार और अनुसंधान की उन्नति में महत्वपूर्ण योगदान देगा। आईसीआईसीआई फाउंडेशन के साथ साझेदारी देश भर में रोगियों के लिए शीर्ष स्तर की देखभाल प्रदान करने और कैंसर के परिणामों में सुधार करने में संस्थानों के सामूहिक प्रयासों का प्रमाण है। नए ब्लॉक के जुड़ने से हम मौजूदा सेवाओं को काफी हद तक बढ़ा पाएँगे, जिसमें बोन मैरो ट्रांसप्लांट प्रोग्राम का विस्तार और इम्यूनोथेरेपी शामिल है। साथ ही नई सुविधा से क्षेत्र में रोगियों से संबंधित शोध करने के लिए पर्याप्त अवसर मिलेंगे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



