गिल-राहुल ने संभाला : भारत ने बनाई उम्मीदें
मैनचेस्टर, कप्तान शुभमन गिल और के.एल. राहुल ने शनिवार को यहाँ भारत को शुरुआती झटकों से उबारकर शानदार जज्बे और संयम का प्रदर्शन करते हुए नाबाद अर्धशतक जड़े, जिससे मेहमान टीम ने चौथे टेस्ट मैच के चौथे दिन स्टंप तक दो विकेट पर 174 रन बना लिये।गिल 78 और राहुल 87 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं।
दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 174 रन की अटूट साझेदारी कर अंतिम दोनों सत्र में कोई विकेट नहीं गिरने दिया। भारत अब इंग्लैंड से 137 रन पीछे है। कप्तान बेन स्टोक्स (141 रन) के शानदार शतक की बदौलत इंग्लैंड ने सुबह के सत्र में पहली पारी में 669 रन का स्कोर खड़ाकर 311 रन की विशाल बढ़त हासिल की।
इसके बाद भारत को लंच से पहले 20 मिनट तक बल्लेबाजी करनी पड़ी, जिसमें दूसरी पारी में उसकी शुरुआत निराशाजनक रही। भारत ने पहले ही ओवर में लगातार दो गेंदों पर यशस्वी जायसवाल और बी. साई सुदर्शन के विकेट गँवा दिए, जबकि तब टीम का खाता भी नहीं खुला था। इससे लंच के समय टीम का स्कोर एक रन पर दो विकेट था। क्रिस वोक्स की राउंड द.विकेट गेंद जायसवाल के बल्ले का बाहरी किनारा लेते हुए पहली स्लिप में जो रूट के हाथों में चली गई।
गिल-राहुल की साझेदारी ने भारत को संकट से निकाला
अगली ही गेंद पर सुदर्शन गेंद छोड़ने और खेलने की दुविधा में दूसरी स्लिप में हैरी ब्रूक को कैच थमा बै। इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों ने भारतीयों की तुलना में पिच से कहीं ज्यादा फायदा उाया, पर गिल और राहुल ने बेहतरीन तकनीक दिखाते हुए संयम से खेलना जारी रखते हुए भारतीय पारी को संभालकर अंतिम दिन के लिए उम्मीद बंधाई।
इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों में विशेषकर जोफ्रा आर्चर ने गिल के पैड पर कुछ खतरनाक इनस्विंगर फेंकी, लेकिन भारतीय कप्तान इनसे उबरकर शानदार शॉट खेलने में सफल रहे। गिल का साथ हमेशा ही भरोसेमंद रहने वाले राहुल ने दिया, जो इस श्रृंखला में भारत की बल्लेबाजी की नींव रहे हैं।
गिल को इस दौरान किस्मत का भी साथ मिला, क्योंकि जब वह 46 रन पर थे, तो ब्रायडन कार्स की गेंद पर लियाम डॉसन ने बैकवर्ड प्वाइंट पर उनका कैच छोड़ दिया था। गिल ने कुछ शानदार स्ट्रेट ड्राइव और कवर ड्राइव खेलकर अपना अर्धशतक पूरा किया। 17वें ओवर में उन्होंने आर्चर की गेंद पर लगातार दो चौके जमाए, जिसमें से पहले एक कवर ड्राइव और फिर एक अपर कट। उन्होंने कार्स की गेंद पर भी लगातार चौके लगाए, जिसमें एक शानदार ऑन ड्राइव भी शामिल था।राहुल ने मजबूत डिफेंस दिखाते हुए गेंद को रुककर खेला।
उनके स्क्वायर कट और बैक कट शानदार थे। इंग्लैंड ने अंतिम सत्र में कई कोशिशें कीं और क्रीज पर जमी हुई इस जोड़ी को शॉर्ट गेंदों से परेशान करना जारी रखा, लेकिन दोनों जरा भी चूके नहीं। इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों को हवा में और पिच के बाहर काफी मूवमेंट मिल रहा था, लेकिन धूप निकलने के साथ अंतिम सत्र में बल्लेबाजी आसान हो गई। पिच धीमी और सूख रही है और यहाँ हुए चार काउंटी मैचों में से किसी का भी नतीजा नहीं निकला है। भारत इस बात को ध्यान में रखेगा।
स्कोर बोर्ड
भारत पहली पारी : 358
इंग्लैंड पहली पारी : जैक क्रॉली का. राहुल बो. जडेजा 84, बेन डकेट का. स्थानापन्न (जुरेल) बो. कंबोज 94, ओली पोप का. राहुल बो. सुंदर 71, जो रूट स्टंप स्थानापन्न (जुरेल) बो. जडेजा 150, हैरी ब्रूक स्टंप स्थानापन्न (जुरेल) बो. सुंदर 03, बेन स्टोक्स का. सुदर्शन बो. जडेजा 141, जैमी स्मिथ का. स्थानापन्न (जुरेल) बो. बुमराह 09, लियाम डॉसन बो. बुमराह 26, क्रिस वोक्स बो. सिराज 04, ब्रायडन कार्स का. सिराज बो. जडेजा 47, जोफ्रा आर्चर नाबाद 02
अतिरिक्त : 38, कुल : 157.1 ओवर में 669 रन पर सभी आउट। विकेट पतन : 1-166, 2-197, 3-341, 4-349, 5-499, 6-515, 7-528, 8-563, 9-658 , गेंदबाजी : बुमराह 33-5-112-2, कंबोज 18-1-89-1, सिराज 30-4-140-1, शारदुल 11-0-55-0, जडेजा 37.1-0-143-4, सुंदर 28-4-107-2.
भारत दूसरी पारी : यशस्वी जायसवाल का. रूट बो. वोक्स 00, के.एल. राहुल खेल रहे हैं 87, साई सुदर्शन का. ब्रूक बो. वोक्स 00, शुभमन गिल खेल रहे हैं 78, अतिरिक्त : 09, कुल : 63 ओवर में दो विकेट पर 174 रन। विकेट पतन : 1-0, 2-0, गेंदबाजी : क्रिस वोक्स 15-3-48-2, जोफ्रा आर्चर 11-2-40-0, ब्रायडन कार्स 10-2-29-0, लियाम डॉसन 22-8-36-0, लियाम डॉसन 5-1-17-0.
(भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





