केंद्र से टकराव बंद करे सरकार : प्रभाकर
हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश उपाध्यक्ष एनवीएसएस प्रभाकर ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और राज्य सरकार को सलाह देते हुए राज्य के विकास की खातिर प्रदेश सरकार से केंद्र के साथ सहयोगात्मक रवैया अपनाने की अपील की। उन्होंने प्रदेश सरकार से केंद्र से बेवजह टकराव कर जनता के हितों को कुचलने का आरोप भी लगाया।
नामपल्ली स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए प्रभाकर ने कहा कि हाल ही में दिल्ली में आयोजित 10वीं नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल बैठक में मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की भागीदारी स्वागत योग्य है, लेकिन राज्य सरकार को इस बैठक की भावना के अनुरूप काम भी करना चाहिए। उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार तुरंत एमएसएमई क्षेत्र के लंबित सब्सिडी जैसे कि बिजली, इनपुट और वित्तीय सहायता को जारी करे।
यह भी पढ़ें… सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार के खिलाफ सामने आया एचके अस्पताल
तेलंगाना में योजनाओं की अनदेखी और भ्रष्टाचार पर निशाना
प्रभाकर ने आरोप लगाया कि केंद्र द्वारा आयुष्मान भारत, कृषि संबंधी योजनाएं, सौर पंप, पंचायत राज और महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं को कांग्रेस सरकार जानबूझकर लागू नहीं कर रही है, जिसकी वजह से प्रदेश की जनता को कई प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री सच में संघीय भावना का सम्मान करते हैं, तो उन्हें इन योजनाओं को ईमानदारी से लागू करना चाहिए।
प्रभाकर ने आगे कहा कि नीति आयोग की बैठक में प्रधानमंत्री ने जिन शहरों को विकसित केंद्रों के रूप में चिन्हित करने की बात कही, उसमें हैदराबाद का विशेष स्थान है क्योंकि राज्य की लगभग 40 प्रतिशत आय यहीं से आती है, लेकिन मुख्यमंत्री इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। बीआरएस नेता कविता की कथित लीक हुई चिट्ठी पर टिप्पणी करते हुए प्रभाकर ने कहा कि दुख इस बात का नहीं कि चिट्ठी लीक हुई, दुख इस बात का है कि डील की बात बाहर आ गई।
प्रभाकर ने सवाल उठाया कि क्या कविता वाकई वाईएस शर्मिला की राह पर चलेंगी, क्या सच्चाई सामने लाएंगी। उन्होंने कहा कि एक फेल मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और एक फेल विपक्ष के नेता केसीआर केवल भ्रष्टाचार में लिप्त नेताओं को बचाने के लिए साथ आ रहे हैं। भाजपा इन दोनों पार्टियों की सच्चाई जनता के सामने लाती रहेगी। भाजपा नेता ने कहा कि आने वाले छह महीने तेलंगाना की राजनीति में बेहद निर्णायक होंगे। कांग्रेस और बीआरएस के बीच गुप्त समझौता हुआ है और इसी वजह से भ्रष्टाचार में लिप्त नेताओं को बचाने के प्रयास हो रहे हैं। भाजपा इसे कभी सफल नहीं होने देगी और जनता के सामने पूरा सच लाकर ही दम लेगी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





