मिस इंग्लैंड के आरोपों की जाँच कराएगी सरकार, शिखा गोयल के नेतृत्व में कमेटी गठित
हैदराबाद, रेवंत रेड्डी सरकार ने मिस इंग्लैंड मिल्ला मैगी के आरोपों की जाँच करवाने का फैसला लिया है। इसके तहत सरकार ने पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) शिखा गोयल के नेतृत्व में कमेटी का गठन किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जाँच कमेटी में शिखा गोयल के अलावा महिला एवं सुरक्षा विंग की डीआईजी रेमा राजेश्वरी, साइबराबाद की डीसीपी साईश्री को शामिल किया गया है।
कमेटी मिस इंग्लैंड मिल्ला मैगी द्वारा लगाये गये आरोपों की जाँच करते हुए प्रतियोगिता के सीईओ जूलिया मोरली और जयेश रंजन से पूछताछ भी करेगी। इसके अलावा कमेटी प्रतियोगिता की अन्य प्रतिभागियों से भी बात करेगी। राज्य सरकार के विशेष मुख्य सचिव जयेश रंजन ने रविवार को पीटीआई-भाषा को बताया कि उन्होंने जाँच पूरी कर ली है और मैगी के कथित आरोपों को लेकर कोई सबूत नहीं मिला। उन्होंने कहा कि आरोपों की जाँच में पाया गया कि प्रतिभागी के आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है।
मिल्ला मैगी ने लगाए गंभीर शोषण के आरोप
उल्लेखनीय है कि मिस इंग्लैंड की विजेता रहीं मिल्ला मैगी ने अचानक मिस वर्ल्ड 2025 से बाहर होने का फैसला ले लिया, जिसने सभी हैरान हैं। वह प्रतियोगिता के 74 साल के इतिहास में ऐसा करने वाली पहली खिताब विजेता बन गई हैं। 24 साल की मिल्ला ने शोषण और नैतिक संघर्ष की भावनाओं को इसके पीछे का कारण बताते हुए खुलासा किया कि हैदराबाद में बिताये गये समय के दौरान उन्होंने खुद को वस्तु के रूप में देखा और धनी पुरुष प्रायोजकों का मनोरंजन करने के लिए दबाव महसूस किया।
यही नहीं, उन्होंने इस अनुभव की तुलना वेश्या की तरह महसूस करने से कर डाली। इस घटना ने सभी को हैरान कर दिया है। उन्होंने प्रतियोगिता की आलोचना करते हुए कहा कि यह पुरानी हो चुकी है और इसमें उद्देश्यपूर्ण सुंदरता के नारे के बावजूद दिखावे को महत्व दिया गया। प्रतियोगियों से हर समय मेकअप और बॉल गाउन पहनने की अपेक्षा की जाती थी, यहाँ तक कि नाश्ते के दौरान भी यही स्थिति बनी रही।
उसी तरह मिल्ला ने शाम के कार्यक्रमों के लिए उन्हें पुरुष प्रायोजकों के साथ टेबल पर बैठाये जाने को लेकर पर नाराजगी का इजहार किया। हालांकि प्रतियोगिता के आयोजकों ने मिल्ला के बाहर होने की वजह सुंदरी की माँ के बीमार होने को बताया है। बहरहाल अब कमेटी के जाँच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



