वासवी माता जयंती को राज्य उत्सव घोषित करने पर आभार
हैदराबाद, आर्य वैश्य ऑफिशियल्स एंड प्रोफेशनल्स असोसिएशन (आवोपा) तेलंगाना ने वासवी माता जयंती को आधिकारिक राज्य उत्सव घोषित करने के ऐतिहासिक निर्णय के लिए तेलंगाना सरकार का आभार जताया है। संघ का मानना है कि यह महत्वपूर्ण निर्णय आर्य वैश्य समुदाय की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, श्री कन्यका परमेश्वरी देवी से प्रेरित भक्ति मूल्यों तथा सामाजिक सेवा के प्रति प्रतिबद्धता की सार्थक पहचान है।
शुक्रवार को रेड हिल्स स्थित एफटीसीसीआई में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में आर्य वैश्य निगम की चेयरपर्सन कल्पा सुजाता के नेतृत्व में समुदाय के नेताओं, अवोपा तेलंगाना अध्यक्ष आर. नमशिवाय, उप्पला श्रीनिवास गुप्ता, कोलेटी दामोदर, सुधाकर गंडे, उप्पला वेंकटेश, मलीपेड़ी शंकर, माकम बद्रीनाथ, कंदिकोंडा श्रीनिवास, कट्टा रविकुमार, वेराबोम्मा रमेश एवं अन्य प्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार का यह निर्णय लाखों लोगों की भावनाओं के प्रति गहरे सम्मान को दर्शाता है और राज्य की सांस्कृतिक एकता को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि वासवी माता जयंती महत्वपूर्ण धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव है, जो श्री वासवी कन्यका परमेश्वरी के सम्मान में मनाया जाता है, जिन्हें पूरे भारत में आर्य वैश्य समुदाय द्वारा श्रद्धा से पूजा जाता है।
यह भी पढ़ें… धूमधाम से मनाया गया श्री श्याम मंदिर, काचीगुड़ा का स्थापना महोत्सव
आर्य वैश्य नेताओं ने कहा कि शहर में 26 अप्रैल को दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक रविंद्र भारती में भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। नेताओं ने धर्मस्व मंत्री कोंडा सुरेखा का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने सरकार से अनुरोध किया है कि आत्मार्पण दिनोत्सव को भी राज्य दिवस घोषित किया जाए और तेलंगाना सरकार द्वारा आधिकारिक रूप से मनाया जाए।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





