लापरवाही से कूड़ा फेंकने पर भारी जुर्माना : महापौर गदवाल विजयलक्ष्मी
हैदराबाद, ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम महापौर गदवाल विजयलक्ष्मी ने लोगों को सचेत किया कि घरों से बाहर लापरवाही से कूड़ा करकट फेंकने वालों पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मानसून स्वच्छता विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य हर गली को साफ-सुथरा बनाना है। हैदराबाद शहर को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से शहर के 150 वार्डों में युद्ध स्तर पर मानसून विशेष अभियान शुरू किया गया है।
मानसून स्वच्छता विशेष अभियान के तहत महापौर ने मंगलवार को एलबी नगर जोन में पार्षदों और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड की हर तीन या चार दिन में सफाई की जाएगी। वार्ड स्तर पर यदि सफाई पूरी होने के बाद लोग कूड़ा कचरा खुले स्थानों पर फेंकेंगे तो उन पर जुर्माना लगाया जाएगा। महापौर ने कहा कि प्रत्येक घर को स्वच्छ ऑटो से जोड़ा गया है तथा उपायुक्त और सफाई अधिकारी उन्हें यह सुनिश्चित करने के लिए शिक्षित कर रहे हैं कि स्वच्छ ऑटो शुल्क का भुगतान करें।
यह भी पढ़ें… लक्ष्य के अनुरूप हो कर टैक्स वसूली- जीएचएमसी
वार्ड समस्याओं के समाधान हेतु त्वरित कार्य योजना
विजयलक्ष्मी ने कहा कि कूड़े के अलावा निर्माण अपशिष्ट और नालों की सफाई का काम भी किया जाएगा और जल बोर्ड के अधिकारियों ने इस संबंध में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है। महापौर ने लोगों से सहयोग का आग्रह करते हुए कहा कि विशेष स्वच्छता अभियान के माध्यम से खराब स्वच्छता और सफाई के कारण होने वाली बीमारियों के प्रसार की रोकथाम की जा सकती है। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में महापौर ने कहा कि पार्षदों ने अपने वार्डों की समस्याओं के बारे में चिंता व्यक्त की है।
विजयलक्ष्मी ने आश्वासन दिया कि उन समस्याओं का समाधान त्वरित किया जाएगा। विशेष रूप से पार्क विकास, स्वच्छता, बरसाती जल निकासी, नाली विकास और सीसी सड़कों के मुद्दे चर्चा का विषय रहे। कुछ मुद्दों का समाधान क्षेत्रीय स्तर पर किया जा सकता है, जबकि अन्य मुद्दे मुख्यालय के दायरे में हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जीएचएमसी आयुक्त और विभिन्न विभागों के प्रमुखों के साथ बैठक की जाएगी और सरकार के ध्यान में भी यह मुद्दे लाये जाएंगे।
सफाई कर्मचारियों की संख्या में वृद्धि, स्ट्रीट लाइटों का रखरखाव आदि मुद्दों पर स्थायी समिति के सदस्यों के साथ शीघ्र ही बैठक बुलाकर निर्णय लिया जाएगा। महापौर ने बताया कि अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे प्रत्येक कार्य में पार्षदों का सुझाव लें तथा प्रस्तावित कार्यों की जानकारी पार्षदों को दें। बैठक में उपायुक्त अशोक रेड्डी, पार्षद कोप्पुला नरसिम्हा रेड्डी, के. नवजीवन रेड्डी, एम. लाची रेड्डी, वेंकटेश्वर रेड्डी, दारपल्ली राजशेखर रेड्डी, वंगा मधुसूदन रेड्डी, अरुणा, श्री बानोत सुजाता, अकुला श्रीनिवास व अन्य उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



