खुले स्थानों पर मलबा डालने पर लगेगा भारी जुर्माना

हैदराबाद, मल्काजगिरी नगर निगम आयुक्त विनय कृष्णा रेड्डी ने स्पष्ट किया है कि सड़कों के किनारे या खुले सार्वजनिक स्थानों पर मलबा फेंकने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्हें भारी जुर्माने का सामना भी करना पड़ सकता है।
एमएमसी आयुक्त ने नागोल सर्किल के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया और प्रजा पालना प्रगति योजना के अंतर्गत जारी कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने नागोल सर्किल के त्यागराज नगर कॉलोनी, आनंद नगर और जीएसआई रोड क्षेत्रों में अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ निरीक्षण के दौरान पाया कि लोग कई स्थानों पर अवैध रूप से मलबा फेंक रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट रूप से कहा कि खुले स्थानों पर भवन निर्माण मलबा फेंकने वालों की पहचान कर उन पर जुर्माना लगाया जाए।
त्यागराज नगर में स्वच्छता और कचरा मुक्त सड़क पर जोर
त्यागराज नगर कॉलोनी के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़कों पर किसी भी प्रकार का कचरा न रहे और स्वच्छता उपायों को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। उन्होंने सड़कों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश दिये। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारी संपत्तियों पर पोस्टर चिपकाना पूरी तरह प्रतिबंधित है और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें… हॉलमार्क और शुद्धता को जाँचें उपभोक्ता : बीआईएस
जीएसआई रोड के दौरे के दौरान आयुक्त ने स्थानीय व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के ट्रेड लाइसेंस की जांच की और सभी व्यापारियों को अनिवार्य रूप से ट्रेड लाइसेंस लेने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला मंडल के सदस्यों के साथ बैठक की। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सिलाई आधारित रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने और कम ब्याज पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में जागरूक किया। साथ ही हयातनगर आदर्श महिला समूह को पार्कों के रखरखाव की जिम्मेदारी सौंपने का सुझाव दिया। आयुक्त ने मंसूराबाद झील का निरीक्षण कर जल गुणवत्ता सुधारने के लिए गाद (सिल्ट) हटाने की प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






