एमएलए कॉलोनी मंदिर मामले में हिंदू संगठनों ने मांगी अनशन की अनुमति
हैदराबाद, बंजारा हिल्स स्थित एमएलए कॉलोनी में पुरानी पेद्दाम्मा मंदिर को हटाए जाने के विरोध में मंदिर समिति और हिंदू संगठनों ने सरकार के खिलाफ अनशन करने की अनुमति मांगते हुए नगर पुलिस आयुक्त वी.सी. सज्जनार को ज्ञापन दिया।
बंजाराहिल्स स्थित टीजीआईसीसीसी में विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) हिन्दी नगर जिला सह कार्यदर्शी एस. महेश कुमार यादव ने हैदराबाद पुलिस आयुक्त को ज्ञापन सौंपा, जिसमें बताया जाता है कि एमएलए कॉलोनी स्थित मंदिर को सरकार के निर्देशों पर शेखपेट मंडल की एमआरओ द्वारा हटाया गया था। इसके विरोध में बंजारा हिल्स पुलिस स्टेशन की सीमा में कई बार प्रदर्शन किए गए, जिनमें मंदिर समिति के सदस्यों और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं पर मामले भी दर्ज किए गए।
महेश कुमार यादव ने पत्र में उल्लेख किया कि इस विषय को लेकर जिलाधीश कार्यालय में भी कई बार ज्ञापन दिए गए। साथ ही, प्रधानमंत्री कार्यालय को भी पत्र भेजा गया, जिसे आगे मुख्य सचिव, तेलंगाना सरकार को भेजा गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मामला उच्च न्यायालय में भी विचाराधीन है, जहां अगली सुनवाई की तारीख तय नहीं हो पाई है। इन्हीं कारणों से सरकार तक अपनी पीड़ा और मांग पहुंचाने के लिए मंदिर समिति ने अनशन (भूख हड़ताल) करने का निर्णय लिया है।
पत्र में 17 दिसंबर से 29 दिसंबर तक प्रतिदिन सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक एमएलए कॉलोनी स्थित मंदिर परिसर के पास शांतिपूर्ण अनशन की अनुमति देने का अनुरोध किया गया है। आवेदन की प्रतियां बंजारा हिल्स थाना प्रभारी, सहायक पुलिस आयुक्त और पश्चिम जोन के पुलिस उपायुक्त को भी संलग्न की गई। इस मामले को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं और हिंदू संगठनों में आक्रोश व्याप्त है और वे जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



