एचपीसीएल अधिकारी हत्याकांड : 50 हजार रुपये का इनामी आरोपी गिरफ्तार

बदायूं (उप्र), बदायूं जिले के मूसाझाग क्षेत्र में स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के गैस संयंत्र में पिछले महीने दो अधिकारियों की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले के एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) रजनीश कुमार उपाध्याय ने मंगलवार को बताया कि 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश अभय प्रताप सिंह उर्फ कल्लू तथा उसके साथी शिवम प्रताप सिंह को सोमवार को फिरोजाबाद के नारखी इलाके से गिरफ्तार किया गया था।

उपाध्याय के अनुसार, अभय प्रताप से पूछताछ के बाद पुलिस उसे हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी के लिए सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात उसके बताए स्थान पर लेकर गई थी। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंचने के बाद अभय प्रताप ने अपने पास छुपाकर रखे तमंचे से पुलिस पर गोली चला दी, जिससे प्रशांत कुमार नाम का आरक्षी घायल हो गया। उन्होंने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अभय प्रताप के दोनों पैरों में गोली लगी और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।

पिछले महीने भी पुलिस पर फायरिंग कर चुका था आरोपी

उपाध्याय ने बताया कि अभय प्रताप और घायल आरक्षी को जिला अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 32 बोर की एक देशी पिस्तौल, दो तमंचे, 10 कारतूस और चार खोखे बरामद किए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, अभय प्रताप सिंह के खिलाफ पहले से ही अपहरण, धमकी देने और रंगदारी समेत विभिन्न आरोपों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

यह भी पढे़: दिल्ली मुठभेड़ : डेयरी कारोबारी हत्याकांड के दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने बताया था कि पिछले माह भी घटना के मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह ने हथियार बरामदगी के लिए घटनास्थल पर ले जाए जाने के बाद पुलिस पर गोली चलाई थी और मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार किया गया था। पिछले महीने 12 मार्च को बदायूं के मूसाझाग थाना क्षेत्र के सहजनी स्थित एचपीसीएल के गैस संयंत्र में महाप्रबंधक सुधीर कुमार गुप्ता और सहायक महाप्रबंधक हर्षित मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button