हैदराबाद : नगर में चलेंगी 70 नई इलेक्ट्रिक बसें
हैदराबाद, नगर में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम (टीजीएसआरटीसी) जल्द ही 70 नई इलेक्ट्रिक मेट्रो एक्सप्रेस बसें शामिल करने की तैयारी में है।
बताया गया कि इन बसों का शुभारंभकुकटपल्ली में बने नए चार्जिंग स्टेशन के उद्घाटन के साथ होने की संभावना है। फिलहाल कुकटपल्ली डिपो में करीब 70 पुरानी डीजल बसें संचालित हो रही हैं, जिनमें से अधिकांश अपनी सेवा अवधि पूरी कर चुकी हैं और कबाड़ में भेजे जाने की स्थिति में हैं। आरटीसी अधिकारियों ने बताया कि पुरानी और अनुपयोगी बसों को चरणबद्ध तरीके से स्क्रैप किया जाएगा, जबकि जो बसें अभी उपयोग के योग्य हैं, उन्हें जिला सेवाओं में लगाया जाएगा।
इसके साथ ही निगम 21 मौजूदा डीजल बसों को रेट्रोफिटिंग के जरिए इलेक्ट्रिक बसों में बदलने की प्रक्रिया भी तेज कर रहा है। यह योजना नगर में कुल 250 बसों को इलेक्ट्रिक में बदलने के बड़े लक्ष्य का हिस्सा है। इस प्रक्रिया में डीजल इंजन हटाकर उनकी जगह बैटरी से चलने वाले इलेक्ट्रिक मोटर लगाए जाते हैं। बताया गया कि आरटीसी ने इस परियोजना को गति देने के लिए कुछ निजी कंपनियों के साथ समझौता किया है।
70% तक कम होगा कार्बन उत्सर्जन, पर्यावरण को लाभ
इन कंपनियों द्वारा बसों को इलेक्ट्रिक में बदलने का खर्च उठाया जाएगा, जिसे निगम बाद में किश्तों में ब्याज सहित चुकाएगा। अनुबंध अवधि पूरी होने के बाद बसें आरटीसी की संपत्ति बन जाएंगी। करीब 1,000 बसें हो चुकी हैं पुरानी वर्तमान में हैदराबाद क्षेत्र में लगभग 3,200 बसें संचालित हो रही हैं, जिनमें से करीब 1,000 बसें पुरानी हो चुकी हैं। निगम धीरे-धीरे इनकी जगह इलेक्ट्रिक बसों को शामिल कर रहा है। अभी शहर में लगभग 440 इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं।
यह भी पढे़: हैदराबाद के आईटी कॉरिडोर में दौड़ेंगी 275 नई इलेक्ट्रिक बसें
इलेक्ट्रिक बसें पर्यावरण के लिहाज से काफी लाभकारी साबित हो रही हैं। एक इलेक्ट्रिक बस से सालाना लगभग 70 प्रतिशत तक कार्बन उत्सर्जन में कमी आती है, जो करीब 46 टन के बराबर है। साथ ही नाइट्रोजन ऑक्साइड उत्सर्जन में भी करीब 23 किलोग्राम की कमी आती है, जिससे शहर की हवा स्वच्छ बनाने में मदद मिलती है। निगम के इस कदम से आने वाले समय में हैदराबाद में सार्वजनिक परिवहन अधिक स्वच्छ, आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल बनने की उम्मीद है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






