हैदराबाद : केपीएचबी में चलती बस में लगी आग, 20 यात्री बाल-बाल बचे
हैदराबाद, नगर के केपीएचबी पुलिस थानांतर्गत एक प्राइवेट ट्रैवल बस में अचानक आग लग गई। हालांकि, बस स्टाफ की सतर्कता से सभी 20 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्री दुर्गा महेश्वरी ट्रैवल्स की एसी स्लीपर बस मियाँपुर से एसआर नगर होते हुए आंध्र प्रदेश के पालकोल्लू जा रही थी। शुक्रवार रात करीब 11 बजे जैसे ही बस केपीएचबी स्थित पद्मावती प्लाजा बस स्टॉप के पास पहुंची, तभी ड्राइवर को केबिन से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बस चालक और स्टाफ ने तुरंत सभी यात्रियों को नीचे उतारकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
यह भी पढे़: स्कूल बस में लगी आग बाल-बाल बचे बच्चे
जानकारी मिलते ही कुकटपल्ली ट्रैफिक इंस्पेक्टर जानय्या और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। घटना में किसी के हताहत या घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आग लगने के कारण इलाके में कुछ समय के लिए भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई, जिससे अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






