हैदराबाद : चेन स्नैचर को पकड़ने वाले ऑटो चालक का सम्मान

हैदराबाद, नगर पुलिस आयुक्त वी.सी. सज्जनार ने अपनी जान पर खेलकर चेन स्नैचिंग कर फरार हो रहे चेन स्नैचर को पकड़ने वाले ऑटो चालक मो. जहीर का आज कमांड कंट्रोल सेंटर में सम्मान किया।

यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में सज्जनार ने कहा कि ऑटो चालक मो. जहीर ने अपनी जान पर खेलकर चेन स्नैचर राउडी शीटर मो. सोहेल को पकड़कर समाज में एक आदर्श स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि मो. जहीर के समान समाज के सभी नागरिक जागरूक होकर अपराध और अपराधियों के खिलाफ उठ खड़े होंगे, तो समाज और शहर को अपराध मुक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कई लोग अपराध होते हुए देखकर मूक दर्शक बने रहते हैं, लेकिन नागरिकों को मो. जहीर के समान अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

यह भी पढ़ें… ग्रीष्मकालीन शिविर की असुविधाओं की भरमार

मॉर्निंग वॉक के दौरान महिला से चेन स्नैचिंग

सज्जनार ने बताया कि गत 4 मार्च की सुबह मारवाड़ी हिन्दी महाविद्यालय स्कूल के पास से स्थानीय निवासी मंजू ओमलता अपनी बहू के साथ मॉर्निंग वॉक कर रही थी। इस दौरान डबीरपुरा के राउडी शीटर मो. सोहेल ने मंजू ओमलता के गले से सोने की चेन छीन ली और फरार होने लगा। फरार होते समय वह मोटरसाइकिल से गिर गया। इसके बाद वह फिर से संभलकर फरार हो रहा था।

इस दौरान ऑटो चालक मो. जहीर घटनास्थल से आगे निकल गया था, लेकिन उसे अहसास हुआ कि राह चलती महिलाओं के साथ कुछ गलत हुआ है। इस कारण उसने अपना ऑटो मोड़ लिया और राउडी शीटर सोहेल की मोटरसाइकिल को ऑटो से टक्कर मार दी, जिस कारण वह गतिमान मोटरसाइकिल से गिर गया। राउडी शीटर सोहेल पुन फरार होने का प्रयास कर रहा था। उसी समय ऑटो चालक मो. जहीर ऑटो से उतरकर सोहेल को पकड़ लिया।

इस दौरान राउडी शीटर सोहेल ने लकड़ी लेकर जहीर को मारने का प्रयास किया, लेकिन जहीर ने अपना बचाव करते हुए सोहेल को जमीन पर गिरा दिया और उसे कसकर पकड़े रहा। कुछ ही देर में पेट्रोलिंग पुलिस के आने पर उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। इसके बाद जहीर इस घटना का कुछ भी श्रेय न लेते हुए चुपचाप वहाँ से निकल गया। गोशामहल पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसी टीवी कैमरों की वीडियो फुटेज के आधार पर जाँच-पड़ताल कर मो. जहीर की पहचान करने के बाद आज उसका सम्मान किया गया। राउडी शीटर सोहेल के खिलाफ शहर के विभिन्न पुलिस थानों में 16 आपराधिक मामले दर्ज है।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button