हैदराबाद : जिला निर्वाचन अधिकारी आर.वी. कर्णन ने अधिकारियों को दिए निर्देश
हैदराबाद, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जीएचएमसी आयुक्त आर.वी. कर्णन ने कहा कि पीठासीन अधिकारी (पीओ) और सहायक पीठासीन अधिकारी (एपीओ) चुनाव को सुचारू और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि मतदान के दिन कार्यभार संभालने से पहले सभी अधिकारियों को कर्तव्यों और ज़िम्मेदारियों की पूरी समझ होनी चाहिए। साथ ही उन्हें निष्पक्षता और ईमानदारी से निभाना चाहिए।
जुबली हिल्स विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र उपचुनाव के पीठासीन अधिकारियों और सहायक पीठासीन अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण का दूसरा चरण आज जी. नारायणम्मा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस, शेखपेट में आयोजित किया गया। दो बैचों में आयोजित प्रशिक्षण सत्र में लगभग 500 अधिकारियों ने भाग लिया। चुनाव पुलिस पर्यवेक्षक ओम प्रकाश त्रिपाठी और व्यय पर्यवेक्षक संजीव कुमार लाल ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण का व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
सत्र के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी और जीएचएमसी आयुक्त आर.वी. कर्णन ने जीएचएमसी के अतिरिक्त आयुक्त (चुनाव) हेमंत केशव पाटिल के साथ पीओ और एपीओ द्वारा अपनाई जाने वाली भूमिकाओं, जिम्मेदारियों और प्रक्रियाओं के बारे में विस्तृत पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन दिया। मास्टर प्रशिक्षकों ने बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट के उपयोग पर व्यावहारिक प्रदर्शन प्रस्तुत किए, जिसमें सेटअप, इंटरकनेक्शन प्रक्रिया, मॉक पोल और वास्तविक मतदान प्रक्रिया शामिल है।
नोटा सहित 59 उम्मीदवार मैदान में हैं, इसलिए अधिकारियों को प्रत्येक मतदान केंद्र पर चार बैलेट यूनिट, एक कंट्रोल यूनिट और एक वीवीपैट को सावधानीपूर्वक जोड़ने का निर्देश दिया गया। चर्चा सत्र के दौरान अधिकारियों ने प्रतिभागियों द्वारा उठाए गए विभिन्न संचालन संबंधी संदेहों का समाधान किया। आर.वी. कर्णन ने अधिकारियों को चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का सावधानीपूर्वक पालन करने, निष्पक्षता बनाए रखने और निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान प्रक्रिया सुनिश्चित करने की सलाह दी।
यह भी पढ़ें… बायोटेक तेलंगाना सरकार की रणनीतिक प्राथमिकता : जयेश रंजन
मतदान प्रक्रिया में पारदर्शिता और जिम्मेदारी पर जोर
कर्णन ने पीठासीन अधिकारियों और सहायक पीठासीन अधिकारियों से चुनाव आयोग की पीओ हैंडबुक का गहन अध्ययन करने और सभी निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन करने का आग्रह किया। साथ ही मतदान दिवस की गतिविधियों की एक चेकलिस्ट तैयार करने, आवश्यक चुनाव सामग्री की समीक्षा करने और यह सुनिश्चित करने की सलाह दी कि मतदान शुरू होने से पहले ईवीएम, मतदाता सूची, पीओ डायरी, प्रदर्शन सामग्री सहित सभी व्यवस्थाएँ पूरी कर ली जाएँ।
कर्णन ने कहा कि मतदान का दिन चुनाव प्रक्रिया का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है।
प्रशिक्षण के दिन से लेकर मतदान समाप्ति तक प्रत्येक अधिकारी को अपने कर्तव्यों के प्रति पूरी तरह जागरूक रहना चाहिए। किसी भी समस्या या अनियमितता को तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों के ध्यान में लाया जाना चाहिए। चुनाव पुलिस पर्यवेक्षक ओम प्रकाश त्रिपाठी और व्यय पर्यवेक्षक संजीव कुमार लाल ने दोहराया कि सभी मतदान कर्मचारियों को भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के दिशा-निर्देशों के अनुसार मतदान का संचालन सुनिश्चित करना चाहिए। साथ ही पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखनी चाहिए। प्रशिक्षण समन्वयक सुनंदा, ममता सहित अन्य चुनाव अधिकारियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



