हैदराबाद : फर्जी साइबर अपराध पुलिस अधिकारी गिरफ्तार
हैदराबाद, एस.आर. नगर पुलिस ने एक ऐसे शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार किया, जो अपने आपको साइबर अपराध पुलिस अधिकारी बताते हुए डिजिटल फ्रॉड की आड़ में साइबर ठगी कर रहा था। उसके खिलाफ साइबर ठगी के 44 मामले दर्ज हैं।
यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में एस.आर. नगर डिवीजन के एसीपी एस.वी. राघवेंद्र राव ने बताया कि प्राप्त शिकायतों के आधार पर एस.आर. नगर पुलिस इंस्पेक्टर बी. श्रीनिवास के नेतृत्व में गुप्तचर इंस्पेक्टर ए. श्रीकांत और महिला पुलिस हेड-कॉन्स्टेबल के. दीना ने करीमनगर निवासी व मूलत पुलिगिल्ला वरंगल के रहने वाले रैपिडो राइडर जला साईराम रेड्डी (27) को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि लम्बे समय से साईराम रेड्डी डिजिटल अरेस्ट फ्रॉड के अलावा सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर अज्ञात युवती का प्रोफाइल फोटो लगाकर युवाओं से ऑनलाइन स्तर पर चैटिंग करता था। उसके बाद चैटिंग करने वाले युवाओं को वह अपने आपको साइबर अपराध पुलिस अधिकारी बताते हुए उन्हें ब्लैकमेल कर उनसे ऑनलाइन स्तर पर पैसे वसूल रहे थे।
यह भी पढ़ें… शमशाबाद में गो-रक्षा कार्यकर्ताओं पर हमला, 3 गिरफ्तार
वर्तमान मामले में उसने एक कॉलेज छात्र को इसी प्रकार से ब्लैकमेल कर उसके पास से विभिन्न किश्तों में 97,540 रुपये वसूले थे। नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आधार पर एस.आर. नगर पुलिस ने तकनीकी रूप से छानबीन करने के बाद शातिर ठग साईराम रेड्डी को गिरफ्तार कर लिया। जाँच-पड़ताल करने पर पता चला कि उसके खिलाफ 44 शिकायतें तमिलनाडु, आंध्र-प्रदेश और तेलंगाना से पोर्टल पर प्राप्त हुई थी। उसे गिरफ्तार करने के बाद उसके खिलाफ मामले दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



