हैदराबाद : फर्जी मैसेज से 40.08 लाख की ठगी

हैदराबाद, साइबर ठगों ने एक कंपनी के प्रबंधक को कंपनी के प्रबंध-निदेशक के नाम पर फर्जी व्हॉट्सऐप मैसेज भेजकर 40.08 लाख रुपये लूट लिए।
बेगमपेट पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता के.एस. रामचंदर राव बेगमपेट स्थित ओएण्डएस अल्यूमीनियम फैब्रिकेशन प्राइवेट लिमिटेड में वित्त प्रबंधक के रूप में कार्यरत है। गत 28 अप्रैल को साइबर ठगों ने उसके व्हॉट्सऐप कंपनी के प्रबंध-निदेशक जी. आनंद के नाम से मैसेज भेजा और मैसेज में कुछ आवश्यक कार्य हेतु तत्काल 40.08 लाख रुपये भेजने के लिए कहा। प्रबंध-निदेशक के नाम पर प्राप्त मैसेज को वास्तविक मैसेज मानकर रामचंदर राव ने पहली किश्त में 36.80 लाख और दूसरी किश्त में 3.28 लाख रुपये ऑनलाइन स्तर पर स्थानांतरित कर दिए।
यह भी पढ़ें… चाइल्ड ट्रैफिकिंग के मामले में गुजरात पुलिस की जाँच-पड़ताल
इसके बाद प्रबंध-निदेशक से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि उन्होंने ऐसा कोई मैसेज नहीं भेजा। जानकारी मिलने पर रामचंदर राव ने बेगमपेट पुलिस थाने में इस घटना की शिकायत की। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन प्रारंभ की और जाँच-पड़ताल के दौरान पता चला कि साइबर ठगों ने आरटीओ ट्रैफिक चालान एपीके के नाम से एक एपीके फाइल तैयार की और इस फाइल के जरिए प्रबंध-निदेशक आनंद से ही उनके फोन में इसे इनस्टॉल करवाया। इसके बाद एपीके फाइल के सहयोग से प्रबंध-निदेशक की व्यक्तिगत जानकारी, बैंक खाते का विवरण और सेलफोन का विवरण हासिल कर लिया। इसके बाद फर्जी मैसेज भेजकर 40.08 लाख रुपये उड़ा लिए।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



