हैदराबाद : शराब पीने के लिए पैसे न देने पर ली पत्नी की जान

हैदराबाद, नगर के सीमांत क्षेत्र मल्काजगिरी के अब्दुल्लापुरमेट थाना परिधि में शराब पीने के लिए पैसे न देने पर एक व्यक्ति ने चाकू से हमला कर पत्नी की नृशंस हत्या कर दी।
अब्दुल्लापुरमेट पुलिस ने बताया कि मूलत प्रकाशम ज़िला, राचर्ला मंडल, चोलावीडु ग्राम निवासी लिंगम रवि कुमार अपनी पत्नी लिंगम माहेश्वरी (41) और पुत्र लिंगम क्रांति कुमार के साथ रोजगार की तलाश में हैदराबाद आ गया था। उनकी दो लड़कियाँ काव्या और कीर्ति गाँव में ही रह रही हैं। रवि कुमार को शराब पीने की लत है और अधिक शराब पीने के कारण अक्सर उसका स्वास्थ्य बिगड़ता रहता था। तीनों अब्दुल्लापुरमेट स्थित एस्ट्रो मंदी होटल में साफ-सफाई का काम कर रहे थे। गत 5 अप्रैल को तीनों विजयवाड़ा में अपने रिश्तेदार के बच्चे के जन्मदिन के दावत में भाग लेने के लिए गए और वहाँ से अपने गाँव चले गए।
15 अप्रैल को होटल वापस लौटने पर होटल के मालिक ने उन्हें नियमित रूप से ड्यूटी न करने के कारण नौकरी से निकाल दिया। इसके बाद तीनों नई नौकरी तलाश रहे थे। इस दौरान गत 29 अप्रैल की सुबह 9 बजे रवि कुमार ने शराब पीने के लिए अपनी पत्नी माहेश्वरी से पैसे माँगे। माहेश्वरी ने नौकरी न होने के कारण पैसे देने से इनकार कर दिया। इस कारण गुस्से में आकर रवि कुमार ने माहेश्वरी के सीने पर चाकू से हमला कर दिया।
यह भी पढ़ें… कार के बोनट पर 2 किमी तक घसीटा गया व्यक्ति
इस हमले में बुरी तरह से घायल माहेश्वरी को उसके लड़के ने पहले मनोज्ञा अस्पताल में भर्ती करवाया, जहाँ से उसे उस्मानिया अस्पताल भेज दिया गया। उपचार के दौरान कल रात माहेश्वरी ने दम तोड़ दिया। प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर रवि कुमार को हिरासत में ले लिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



