वरंगल हवाई अड्डे के निर्माण हेतु शीघ्र करेंगे शिलान्यास : पोंगुलेटी
हैदराबाद, राजस्व मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने कहा कि वरंगल हवाई अड्डे के निर्माण हेतु शीघ्र ही शिलान्यास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने वरंगल, आदिलाबाद, भद्राद्री कोत्तागुड़ेम जिलों में हवाई अड्डों के निर्माण हेतु कार्ययोजना तैयार कर ली है। इन परियोजनाओं के निर्माण को जल्द से जल्द शुरू करने के लिए आवश्यक भूमि अधिग्रहण, तकनीकी अनुमतियाँ और बुनियादी ढाँचों की व्यवस्था के लिए कदम तेज किए जा रहे हैं।
पोंगुलेटी ने शनिवार को सचिवालय में एयरपोर्ट अथॉरिटी दक्षिणी क्षेत्र के कार्यकारी निदेशक राज किशोर, एविएशन निदेशक भरत रेड्डी आदि के साथ बैठक कर वरंगल, आदिलाबाद, भद्राद्री कोत्तागुड़ेम जिलों में हवाई अड्डों के निर्माण के लिए उठाये जा रहे कदमों पर चर्चा की। मंत्री ने कहा कि वरंगल हवाई अड्डे के संबंध में सरकार पहले ही लगभग 953 एकड़ भूमि का अधिग्रहण कर केंद्र सरकार को सौंप दिया है।
यह भी पढ़े : आंदोलनकारियों को न्याय नहीं मिला : कविता
इसी तरह आदिलाबाद हवाई अड्डे को रक्षा मंत्रालय, नागरिक उड्डयन मंत्रालय तथा राज्य सरकार ने संयुक्त रूप से विकसित करने का निर्णय लिया है। इस हवाई अड्डे के लिए आवश्यक भूमि अधिग्रहण के लिए सरकार कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया कि भद्राद्री कोत्तागुड़ेम जिले में पूर्व प्रस्तावित भूमि हवाई अड्डा निर्माण के लिए उपयुक्त नहीं है। इस पृष्ठभूमि में उन्होंने अधिकारियों को इस पर और गहन अध्ययन कर संभावनाओं पर एक रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






