हैदराबाद : पुलिस आयुक्त सुमति के निशाने पर मनचले
हैदराबाद, मल्काजगिरी की पहली महिला पुलिस आयुक्त बी. सुमति ने पद्भार संभालने के सप्ताह भर में ही अपने आपको लेडी सिंघम साबित करते हुए सनसनी फैला दी। आम तौर पर पुराने जमाने में राजा महाराजा अपनी जनता का हाल जानने के लिए वेश बदलकर दौरा करते थे। इसी तर्ज पर बी. सुमति ने भी आयुक्तालय की परिधि में महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राह चलती महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और लैंगिक छेड़छाड़ करने वाले मनचलों पर नकेल कसने के लिए मंगलवार देर रात एक अनूठा अभियान चलाया।
सुमति एक सीधी-साधी महिला के रूप में पंजाबी सूट पहनकर मंगलवार रात 12 बजे से देर रात 3 बजे तक दिलसुखनगर बस स्टैण्ड से चैतन्यपुरी के बीच चक्कर लगाती रही। इस दौरान वहाँ से गुजर रहे मनचलों ने उनके साथ छेड़छाड़ की और अपने साथ चलने के लिए परेशान किया। मोटरसाइकिल पर गुजर रहे कई लोगों ने साथ चलने के लिए उनका रेट भी पूछा और कुछ ने तो भारी भरकम पैसा देने की भी पेशकश की।
सुमती पुलिस सेवा के दौरान वर्तमान समय तक लूप लाइन में रही। इसके पूर्व चिक्कड़पल्ली एसीपी रहने के बाद वह पदोन्नति के साथ लूप लाइन में चली गई। इस कारण उनका चेहरा इतना जाना-पहचाना नहीं रहा, इसीलिए मंगलवार रात उन्हें कोई पहचान नहीं पाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुमति मंगलवार देर रात 3 घंटे तक दिलसुखनगर बस स्टैण्ड से चैतन्यपुरी के बीच घूमते हुए महिलाओं के साथ होने वाली परेशानियों और समस्याओं का जायजा लिया। इस तीन घंटे के दौरान पुलिस के पैट्रोलिंग वाहन के न आने के कारण मनचलों का हौसला बढ़ गया था।
मनचलों ने महिला बनकर गई सुमति को घेरा
एक स्थिति ऐसी आ गई थी कि काफी मनचलों ने सुमती को घेर लिया। लगभग तीन घंटे बाद एक बीट कॉन्स्टेबल के आने पर सुमती की पहचान हो पाई। बीट कॉन्स्टेबल ने सुमति को देखते ही अपनी मोटरसाइकिल रोककर उन्हें सैलूट किया। पुलिस कॉन्स्टेबल के सैलूट करते ही सुमति को घेरकर खड़े लोग वहाँ से फरार हो गए। इसके बावजूद भी सुमती के दिशा-निर्देश पर 40 मनचलों को हिरासत में लिया गया, जिसमें कॉलेज छात्रों की संख्या अधिक है।
हिरासत में लिए गए सभी मनचलों के साथ परामर्श करने के बाद उन्हें हिदायत देकर छोड़ दिया गया। गौरतलब है कि पद्भार संभालने के समय ही सुमति ने स्पष्ट कर दिया था कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में वे कोई समझौता नहीं करेगी।
मंगलवार रात की घटना के बारे में सुमति ने कहा कि पिछले तीन दिन से वह दिलसुखनगर से चैतन्यपुरी के बीच देर रात राह चलती महिलाओं के साथ मनचलों द्वारा किए जा रहे असभ्य व्यवहार की जानकारी लेती रही और स्वयं इस मामले से निपटने के लिए सादी वर्दी में लगभग तीन घंटे वहाँ बिताए। उन्होंने कहा कि हिरासत में लिए गए 40 लोगों में विद्यार्थियों की संख्या अधिक होना चिंता का विषय है। दिलसुखनगर से एल.बी. नगर के बीच हॉस्टलों की संख्या अधिक होने के कारण उन्होंने सरूरनगर, चैतन्यपुरी और एल.बी. नगर पुलिस को रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और इस प्रकार की घटनाओं से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



