हैदराबाद : पकड़ी गई प्रसूति अस्पताल से फरार महिला कैदी

हैदराबाद, पुराने शहर की हुसैनी आलम पुलिस थाना क्षेत्र के पेट्लाबुर्ज प्रसूति अस्पताल से एस्कॉर्ट पुलिस को चकमा देकर फरार होने वाली महिला कैदी गंटशाला त्रिवेणी(26) को चारमीनार ज़ोन की टास्क फोर्स पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया। गौरतलब है कि गत 16 अप्रैल को सुरभी कॉलोनी, वीटीसी लिंगमपल्ली निवासी व मूलत भीमावरम आंध्र-प्रदेश की रहने वाली जी. राजू की पत्नी त्रिवेणी को एक आपराधिक मामले में रामगोपालपेट पुलिस ने गिरफ्तार कर चंचलगुड़ा स्थित महिला जेल भेज दिया गया।
विचाराधीन कैदी त्रिवेणी को स्वास्थ्य परीक्षण हेतु गत 13 अप्रैल को पेट्लाबुर्ज स्थित प्रसूती अस्पताल लाया गया था। त्रिवेणी एस्कॉर्ट पुलिस को चकमा देकर अस्पताल से फरार हो गई थी। एस्कॉर्ट पुलिस की शिकायत पर हुसैनी आलम पुलिस ने मामला दर्ज कर उसे कल गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने अस्पताल से लेकर बस स्टैण्ड और रेलवे स्टेशन के अलावा आस-पास के क्षेत्रों में लगे सीसी टीवी कैमरों की छानबीन की।
इस छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि अस्पताल से फरार होने के बाद त्रिवेणी सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन से शातवाहना एक्सप्रेस ट्रेन में सवार हुई। ट्रेन में यात्रा के दौरान उसने यात्री के पास से सेलफोन लेकर अपने रिश्तेदारों से बात की और उसके रिश्तेदार विजयवाड़ा रेलवे स्टेशन से उसे भीमावरम ले गए।
यह भी पढ़ें… प्रेमी और भाई की साथ मिलकर पति की हत्या
इसके बाद 15 अप्रैल को त्रिवेणी बस में सवार होकर हैदराबाद पहुँची और 16 अप्रैल की सुबह सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन के पास बस से उतरने के बाद वह दिलसुखनगर जाकर एक महिला हॉस्टल में रनने लगी। यहाँ से वह बस के जरिए गच्ची बावली कॉफी डे पहुँची। इस दौरान पुलिस उसका लगातार पीछा कर रही थी, उसे पुलिस ने गच्ची बावली से गिरफ्तार कर लिया। उसकी गिरफ्तारी अतिरिक्त टास्क फोर्स पुलिस उपायुक्त अंदे श्रीनिवास राव के नेतृत्व में टास्क फोर्स इंस्पेक्टर एस. सैदा बाबू द्वारा की गई।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






