जुबली हिल्स में अवैध निर्माण पर चला हैद्रा का बुल्डोज़र
हैदराबाद, हैदराबाद आपदा प्रबंधन एवं संपदा संरक्षण एजेंसी हैद्रा ने आज प्रगति नगर तालाब के संरक्षण के लिए किये जा रहे कार्यों के अंतर्गत तालाब में जमा दुर्गंध फैलाने वाली गाद हटाने के बाद अब सड़क के किनारे लगभग 1.5 किलोमीटर तक फेंसिंग लगाई है, ताकि दोबारा कचरा न डाला जा सके।
सूत्रों के अनुसार, स्थानीय लोगों ने शिकायत की थी कि तालाब के बीच से गुजरने वाली सड़क के किनारे चिकन, मांस और मछली विक्रेता तथा अन्य दुकानदार पशु अवशेष और कचरा फेंक रहे हैं, जिससे बदबू फैल रही है। शिकायतों के बाद हैद्रा अधिकारियों ने पहले लगभग 145 ट्रक कचरा साफ किया। कचरा फेंकने वाले दुकानदारों को वैकल्पिक स्थान दिखाकर वहाँ से हटाया गया। झील के बीच से गुजरने वाली सड़क पर कचरा फेंकने की संभावना खत्म करने के लिए 10 मीटर ऊंची फेंसिंग लगाई गई है। लगभग डेढ़ किलोमीटर तक फेंसिंग कर झील में कचरा गिरने से रोकने के उपाय किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि कुकटपल्ली और प्रगति नगर को जोड़ने वाली सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण हटाने से ट्रैफिक की समस्या कम हुई है और आवाजाही आसान हो गई है।
यह भी पढ़ें… जीएचएमसी : विशेष अधिकारी जयेश रंजन एवं तीनों आयुक्तों ने संभाला पद्भार
जुबली हिल्स में पाँच एकड़ सरकारी भूमि की फेंसिंग
हैद्रा के अधिकारियों ने जुबली हिल्स में पार्क की जमीन पर हुए अतिक्रमण को हटाते हुए 5 एकड़ सरकारी भूमि को फेंसिंग कर सुरक्षित कर दिया है। इस भूमि का मूल्य 1 हज़ार करोड़ से अधिक बताया जा रहा है। हैद्रा सूत्रों के अनुसार, अपोलो अस्पताल के आउट गेट के सामने लगभग 2 एकड़ के पार्क क्षेत्र में से 150 गज जमीन पर एक किरायेदार ने अवैध कब्जा कर लिया था। एक व्यक्ति ने मकान में लेडीज़ हॉस्टल चलाते हुए पार्क की ओर 50 गज अंदर तक बढ़कर तीन मंजिला निर्माण कर लिया था। 100 गज क्षेत्र को घेरकर निजी उपयोग के लिए फार्म हाउस जैसा विकसित कर लिया गया था।
स्थानीय निवासियों की शिकायत पर अधिकारियों ने निरीक्षण किया और अतिक्रमण की पुष्टि होने पर तीन मंजिला अवैध निर्माण को ध्वस्त कर पार्क भूमि पर फेंसिंग की गई। आरोपियों के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज किया गया। हाइटेक्स सेंटर के निकट खानामेट क्षेत्र में सरकार ने ऑल इंडिया वेलमा संघ को 5 एकड़ भूमि आवंटित की थी। इस भूमि की अनुमानित कीमत लगभग 1000 करोड़ रुपये बताई जा रही है। भूमि आवंटन को लेकर अदालत में याचिका दायर होने के बाद हाईकोर्ट ने स्थगनादेश दिया था। इसी बीच कुछ लोगों द्वारा जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया गया। इस संबंध में शिकायत के बाद जाँच की गयी और 5 एकड़ क्षेत्र में फेंसिंग करवाई और बोर्ड लगाए, ताकि आगे कोई अतिक्रमण न हो सके।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



